दिल्ली पुलिस ने 2 नाबालिग लड़कियों का किया रेस्क्यू, घर से हुई थीं लापता
दिल्ली पुलिस ने घर से लापता दो लड़कियों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया है। दोनों लड़कियों की उम्र 15 और 16 साल बताई जाती है। उनको उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की मानव तस्करी निरोधक इकाई (एएचटीयू) ने अलग-अलग इलाकों से दो नाबालिग लड़कियों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया है। 15 और 16 साल की दोनों लड़कियों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। पहले मामले में 15 साल की लड़की 29 मार्च से भलस्वा डेयरी इलाके से लापता हो गई थी। वहीं दूसरे मामले में रोहिणी जिले के बुध विहार इलाके से 1 अप्रैल से 16 साल की एक लड़की के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने पहले मामले में भलस्वा डेयरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। तकनीकी निगरानी और मैनुअल इंटेलिजेंस पर कार्रवाई करते हुए टीम ने लड़की को उसी इलाके में खोज निकाला। इस मामले में एक 17 साल के लड़के को पकड़ा गया है जो कथित तौर पर लड़की के साथ घर से निकला था। जांच में पता चला कि 9वीं क्लास की छात्रा, लड़के के संपर्क में थी।
वह अपने माता-पिता को बताए बिना घर से चली गई थी। दोनों आस-पास के कई स्थानों पर रह रहे थे, जिसके कारण क्राइम ब्रांच की टीम ने उनके स्थान की पहचान की। दूसरे मामले में रोहिणी जिले के बुध विहार इलाके से 1 अप्रैल से 16 साल की लड़की लापता थी। इस बारे में बुध विहार थाने में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। लड़की को रोहिणी के सेक्टर-1 अवंतिका से बरामद किया गया।
दोनों नाबालिगों को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए संबंधित पुलिस स्टेशनों के संबंधित जांच अधिकारियों को सौंप दिया गया। इस बीच, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आईपीएल 2025 सीजन के दौरान अवैध सट्टेबाजी पर कार्रवाई करते हुए पहाड़गंज से चल रहे एक क्रिकेट सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सट्टेबाजी में इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय (35), मोहित (29), कुशाग्र (30), गगन (26), भारत (35), पुलकित (30) के रूप में हुई है। आरोपी 6 अप्रैल की शाम को खेले गए सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटन्स के बीच आईपीएल टी-20 मैच पर सट्टा लगाते पाए गए। पुलिस ने एक लैपटॉप, एक टैबलेट और पांच मोबाइल फोन के साथ आरोपियों के दस निजी मोबाइल फोन जब्त किए। सट्टेबाजी खेलने वालों के नाम वाली नोटबुक भी जब्त की गई है।