दिल्ली पर इंद्रदेव मेहरबान,तेज हवाओं के साथ जारी हुआ बारिश का येलो अलर्ट,अपडेट
मौसम विभाग की ताजा अपडेट की मानें तो आज देश की राजधानी में तेज हवाओं के साथ बरसात की संभावना है। बुधवार को कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई।

दिल्ली के मई महीने में मौसम खुशनुमा बना हुआ है। तेज हवाओं,आसमान में बादल के साथ बरसात ने गर्मी को भी दूर कर रखा है। अब मौसम विभाग की ताजा अपडेट की मानें तो आज देश की राजधानी में तेज हवाओं के साथ बरसात की संभावना है। बुधवार को कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। आज के बाद कल यानी 9 मई को भी मौसम ऐसा ही रहेगा।
एक दिन पहले कैसा था मौसम?
बुधवार सुबह दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में तेज धूप निकली,लेकिन दिनभर हल्के और घने बादलों की आवाजाही भी लगातार बनी रही। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट का रुख बना रहा। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच भी मौसम का यह रुख बना रहेगा। इस दौरान तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
जान लीजिए आगे का हाल
दिल्लीवालों के लिए आज और कल बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 8 और 9 मई को तेज हवाओं के साथ हल्की बरसात देखने को मिल सकती है। अधिकतम तापमान36-38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23-27 डिग्री के बीच रहेगा। 10 से 13 मई के बीच की बात करें तो आसमान में बादलों का डेरा रहेगा,हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। इस बीच अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक तो वहीं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तक जाएगा।
हवा में भी सुधार
मौसम के कारकों के चलते दिल्ली की हवा लगातार साफ-सुथरी बनी हुई है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक,बुधवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 153 अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है।