गुड न्यूज; दिल्ली की सड़कों पर जल्द दौड़ेंगी 500 नई इलेक्ट्रिक बसें, आगे क्या प्लान?
दिल्ली की सड़कों पर जल्द 500 नई इलेक्ट्रिक बसें दौड़ती नजर आएंगी। दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने यह जानकारी दी।

दिल्ली वालों के लिए एक गुड न्यूज है। दिल्ली को जल्द 500 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगले 2 महीनों में दिल्ली की सड़कों पर 500 ई-बसें चलेंगी। साल के अंत तक 1000 और बसें इसमें जुड़ेंगी जिससे लोगों को साफ-सुथरी, बेहतर और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने नई ई-बसों की उपलब्धता को लेकर शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक के बाद उन्होंने कहा कि हम सार्वजनिक परिवहन को तेजी से बदल रहे हैं। अगले 2 महीनों में दिल्ली की सड़कों पर 500 ई-बसें चलेंगी। यही नहीं साल के अंत तक 1000 और बसें इस खेमे में जुड़ेंगी। इससे लोगों को साफ-सुथरी और बेहतर यात्रा का विकल्प मिलेगा।
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि इन नई इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत दिल्ली को देश की ई-कैपिटल बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को प्रक्रिया में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।
परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि नई इलेक्ट्रिक बसों को जल्द से जल्द दिल्ली की सड़कों पर उतारा जाए ताकि दिल्ली में पलूशन रहित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत हो। उन्होंने आगे कहा कि देवी बसों और उनके मार्गों के बारे में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि लोग इस पर्यावरण अनुकूल परिवहन विकल्प को अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।
इस बीच दिल्ली सरकार ने संशोधित इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) नीति का मसौदा तैयार करने के लिए अधिकारियों और विशेषज्ञों की 10 सदस्यीय कमेटी बनाई है। इस कमेटी के लिए 12 सूत्री एजेंडा भी तय कर दिया गया है। एजेंडे में सभी सीएनजी वाहनों को इलेक्ट्रिक में बदलना, फ्लाईओवर के नीचे चार्जिंग सुविधाएं विकसित करना, बैटरी अपशिष्ट का प्रबंधन पर काम करना, संपर्क सुविधा बढ़ाना, सब्सिडी समेत अन्य मुद्दे शामिल हैं।