स्टेशन पर बंदरों के उत्पात से लोग परेशान
फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर बंदरों का आतंक मचा हुआ है। इससे स्टेशन पर आने वाले

फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर बंदरों का आतंक मचा हुआ है। इससे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों में डर बना रहता है। बंदरों का स्टेशन के प्लेटफॉर्म से लेकर फुट ओवर ब्रिज तक कब्जा हुआ पड़ा है। अब स्टेशन अधीक्षक ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर बंदरों को पकड़ने की मांग की है।
स्टेशन के आस-पास करीब 100 बंदरों का जमावड़ा है। ये बंदर कभी स्टेशन तो कभी इसके आसपास के एरिया में उछलकूद करते रहते हैं। कई बार यात्रियों की ओर भी दौड़ने लगते हैं। बंदरों की वजह से स्टेशन के फुटओवर ब्रिज पर चलने वाले यात्री सहमे हुए रहते हैं। स्टेशन अधीक्षक एके गोयल को यात्रियों की ओर से आए दिन बंदरों के बारे में शिकायतें मिल रही थीं। वहीं गांधी कॉलोनी के सामने से स्टेशन में प्रवेश करने वाले यात्रियों को रेलवे सड़क पर जमा सीवर के पानी से भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सीवर जाम की समस्या का समाधान न होने के कारण इस सड़क से पैदल निकलना दूभर हो गया है। यात्रियों को इस सड़क को पार करने के लिए ऑटो में बैठना पड़ता है। स्टेशन अधीक्षक एके गोयल ने बताया कि स्टेशन पर बंदरों का लंबे समय से जमावड़ा है। यहां यात्रियों के साथ-साथ रेलवेकर्मी भी परेशान रहते हैं। वहीं रेलवे सड़क पर सीवर जाम होने से सीवर का पानी सड़क पर बहने लगता है। ये दोनों बड़ी समस्याएं हैं। इसके लिए नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखा गया है। वहीं स्टेशन से गाड़ी के जरिए कूड़ा उठाने के लिए भी नगर निगम आयुक्त से आग्रह किया गया है।
गांधी कॉलोनी में पानी की किल्लत पर स्टेशन से ले गए पानी
गांधी कॉलोनी में आज पानी का संकट हो गया था। इस कारण गांधी कॉलोनी के लोग स्टेशन पहुंचकर वहां से पानी ले गए। कई लोग तो स्टेशन की टंकी पर नहाकर भी चले गए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।