दिल्ली के कब्रिस्तान में किशोरी के साथ दुष्कर्म, तबीयत बिगड़ने पर हुआ खुलासा
पुरानी दिल्ली के लोथियन कब्रिस्तान में 13 साल की किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर इस मामले का पता चला। पुलिस ने दुष्कर्म एवं पॉक्सो की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुरानी दिल्ली के लोथियन कब्रिस्तान में 13 साल की किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर इस मामले का पता चला। कोतवाली पुलिस ने रविवार को इस मामले की शिकायत मिलने के बाद दुष्कर्म एवं पॉक्सो की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता लाल किला के पास रैन बसेरे में रहकर कूड़ा जमा कर बेचने का काम करती थी। फिलहाल एसपीवाईएम एनजीओ द्वारा उसे जामा मस्जिद स्थित रैन बसेरे में रखा गया है। एनजीओ के अस्पताल में डॉक्टर द्वारा पीड़िता की जांच में पता चला कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
पीड़िता ने बताया कि वह बीते 25 मई को हनुमान मंदिर के पास कूड़ा बीन रही थी, तभी एक लड़का उसे चॉकलेट दिलाने के बहाने अपने साथ लोथियन कब्रिस्तान में ले गया और दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया। धमकी के डर से पीड़िता ने कई दिनों तक यह बात किसी को नहीं बताई। बाद में तबीयत बिगड़ने पर मामला पुलिस तक पहुंचा।
छह साल की बच्ची से पड़ोसी ने दुराचार किया
वहीं, दिल्ली के ही सब्जी मंडी इलाके में छह साल की एक बच्ची से पड़ोसी द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी गुलशन को गिरफ्तार कर लिया है। 31 वर्षीय एक महिला सब्जी मंडी इलाके में रहती है और ठेले पर तरबूज बेचती है। उसके बगल में आरोपी गुलशन ठेला लगाता था। 18 मई को गुलशन महिला की बच्ची को पार्क में ले गया और दुष्कर्म किया।
बदनाम करने के लिए फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई
एक अन्य मामले में दिल्ली के उत्तर जिला साइबर पुलिस ने महिला इवेंट मैनेजर की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर बदनाम करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय अमन के तौर पर हुई है। वह पीड़िता द्वारा दोस्ती तोड़ने से नाराज था। पुलिस ने बताया कि 25 वर्षीय शिकायतकर्ता एक कंपनी में इवेंट मैनेजर है। उसकी शिकायत पर आरोपी को पकड़ा गया है।