रिलेशनशिप में रह रहे युवक को चाकू मारा
गुरुग्राम में एक युवक पर उसकी प्रेमिका नीतू वर्मा और उसके बेटों ने चाकू से हमला किया। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। नीतू ने युवक को घर से जाने के लिए कहा था, जिसके बाद विवाद हुआ। पुलिस...

गुरुग्राम। रिलेशनशिप में रह रहे युवक पर महिला और उसके बेटों ने चाकू से हमला कर दिया। घायल को सेक्टर-10 अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। वहीं मामले में पुलिस ने कुछ घंटों के दरमियान महिला और उसके बड़े बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार न्यू कॉलोनी के रहने वाले संजय गाबा ने बताया कि वह करीब तीन साल से नीतू वर्मा व उसके दो बच्चों के साथ रिलेशनशिप में रहते हैं। जिस मकान में वह रहते हैं वह किराए का है। उन्होंने पुलिस को बताया कि करीब 12 दिन से नीतू उसे घर से चले जाने के लिए कह रही है। इस पर उन्होंने नीतू को बताया कि वह एक कमरे का मकान देख रहे हैं और अगले सप्ताह तक उसमें शिफ्ट हो जाएंगे। आरोप है कि नीतू उसे तुरंत ही घर से निकल जाने के लिए दबाव बनाने लगी और उसने अपने बच्चों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। नीतू के बेटे ने पहले उसके सिर पर बैट मारा और बाद में वह रसोई से चाकू ले आया और उस पर चाकू से हमला कर दिया।
इतना ही नहीं उसके दूसरे नाबालिग बेटे ने भी उस पर चाकू से हमला कर दिया। खून से लथपथ होकर वह मौके से जान बचाकर भाग। इसकी सूचना उसने पुलिस को दी। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसकी हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया और कुछ ही घंटों के दरमियान नीतू व उसके बड़े बेटे को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।