दिल्ली में इन 3 वजहों से हुई तेज बारिश, IMD ने बताया आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में शनिवार देर रात हुई बारिश के बाद सुबह भी ज्यादातर हिस्सों में हल्के से घने बादल छाए रहे। दिन में भी बादलों की आवाजाही लगातार बनी रही। इसके चलते अधिकतम तापमान में तेजी से इजाफा नहीं हुआ।

दिल्ली में तीन मौसमी परिघटनाओं के मेल के कारण शनिवार रात तेज वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से पूर्वी-दक्षिण-पूर्वी हवाएं और अरब सागर से दक्षिण-पश्चिमी हवाएं उत्तर पश्चिम भारत की ओर से वायुमंडल के निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर चलती हैं। वहीं, मध्य स्तर की शुष्क उत्तरी-उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के साथ उनके मेल के चलते इस प्रकार की तीव्र आंधी-तूफान की गतिविधियां होती हैं।
दिल्ली की हवा साफ-सुथरी : तेज हवा के साथ हुई बारिश का असर दिल्ली के प्रदूषण पर भी देखने को मिल रहा है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 105 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के बीच भी दिल्ली की हवा का यह साफ-सुथरा स्तर बना रहेगा।
एक घंटे तक हुई तेज बारिश : यूं तो एक बजे के बाद शुरू हुई तेज हवा और बारिश की घटना लगभग चार बजे तक चलती रही। इस दौरान ही सफदरजंग मौसम केन्द्र में ज्यादातर बारिश हुई, लेकिन इसका भी ज्यादातर हिस्सा केवल एक घंटे के बीच में ही बरसा है।
दिन में भी सामान्य से 8 डिग्री कम रहा पारा : मध्य रात्रि के बाद हुई बारिश के बाद दिल्ली की सुबह भी ज्यादातर हिस्सों में हल्के से घने बादल छाए रहे। दिन में भी बादलों की आवाजाही लगातार बनी रही। इसके चलते अधिकतम तापमान में तेजी से इजाफा नहीं हुआ। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जोकि सामान्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि, न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। जो कि सामान्य से 6.9 डिग्री सेल्सियस कम है।
दिल्ली व आसपास के क्षेत्र में शनिवार रात हुई मौसमी परिघटना के मुख्यतः तीन प्रमुख कारण रहे
1. एक पश्चिमी विक्षोभ निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर उत्तरी पंजाब और उससे सटे जम्मू-कश्मीर पर ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के रूप में स्थित है। इसमें मध्य और ऊपरी क्षोभमंडली पश्चिमी हवाओं के ऊपर एक मुड़ाव है।
2. निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उससे सटे उत्तरी हरियाणा पर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर मौजूद रहा।
3. निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर पश्चिमी राजस्थान व आसपास क्षेत्र में एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना रहा।
राजधानी में आज हल्की वर्षा की संभावना
मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में अभी तेज हवा के साथ हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। सोमवार को भी अलग-अलग इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। इसके चलते लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, उमस के चलते थोड़ी परेशानी हो सकती है।
कहां पर कितनी तेज रही आंधी
सफदरजंग :- 82 किलोमीटर प्रति घंटा
पालम :- 72 किलोमीटर प्रति घंटा
प्रगति मैदान :- 76 किलोमीटर प्रति घंटा
जाफरपुर :- 61 किलोमीटर प्रति घंटा