अपडेट----वर्ष 2026 में तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में एनडीए सरकार बनाएगी : अमित शाह
--मदुरै में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे थे केंद्रीय गृहमंत्री --डीएमके सरकार पर जमकर

मदुरै (तमिलनाडु), एजेंसी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को मदुरै में कहा कि एनडीए वर्ष 2026 में तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी। पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने मदुरै को परिवर्तन का शहर बताया और कहा कि उनकी पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन बदलाव लाएगा और डीएमके को सत्ता से बेदखल करेगा। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि राज्य के लोग डीएमके सरकार के भ्रष्टाचार से तंग आ चुके हैं। भाजपा के शीर्ष नेता अगले साल होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों की समीक्षा करने और चुनाव लड़ने की रणनीति तैयार करने के लिए मदुरै पहुंचे हैं।
शाह ने ‘एक्स पर पोस्ट में लिखा कि तमिलनाडु के लोग डीएमके सरकार के बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार से तंग आ चुके हैं। भाजपा कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के समृद्ध और विकसित तमिलनाडु बनाने के दृष्टिकोण के साथ हर इलाके, पड़ोस और घर तक पहुंचेंगे। शाह ने आरोप लगाया कि डीएमके के भ्रष्ट शासन ने तमिलनाडु में गरीबों, महिलाओं और बच्चों को प्रभावित किया है। उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से स्टालिन के नेतृत्व वाली डीएमके सरकार को सत्ता से बेदखल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया। साथ ही, केंद्रीय गृहमंत्री ने स्टालिन को यह बताने की चुनौती दी कि क्या उन्होंने डीएमके के 2021 के चुनावी वादों को पूरा किया है। केंद्र ने छह लाख करोड़ से अधिक दिए शाह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने 10 साल में 6.80 लाख करोड़ रुपये तमिलनाडु को दिए और फिर भी मुख्यमंत्री एमके स्टालिन पूछते हैं कि केंद्र ने क्या किया है। शाह ने राज्य, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को संबोधित करने से पहले तमिलनाडु भाजपा की राज्य कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर डीएमके पर निशाना साधा। उन्होंने पश्चिमी कोंगू क्षेत्र के गांवों में बुजुर्गों की हत्याओं को लेकर पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दृढ़ संकल्प के साथ काम करने की अपील की और एआईएडीएमके के साथ गठबंधन को उपयुक्त गठबंधन करार दिया। मीनाक्षी मंदिर में पूजा की शाह ने मीनाक्षी मंदिर में प्रार्थना की और पुजारियों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। पुजारी ने केंद्रीय मंत्री को भगवा शॉल भेंट की और उन्हें आध्यात्मिक पुस्तकें दीं। इसके बाद शाह ने अन्य भाजपा नेताओं के साथ प्रसिद्ध प्राचीन मंदिर में प्रार्थना की। शाह ने ‘एक्स पर पोस्ट किया कि आज मदुरै में प्रतिष्ठित मीनाक्षी अम्मन मंदिर में पूजा करने का सौभाग्य मिला। राष्ट्र की निरंतर प्रगति और हमारे नागरिकों की भलाई के लिए मां का आशीर्वाद मांगा और प्रार्थना की। पुजारियों ने गृह मंत्री से कच्चातिवु द्वीप को पुनः प्राप्त करने और मछुआरों की परेशानियों को समाप्त करने के लिए एक स्थायी समाधान तलाशने की अपील की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।