BSF Soldier Detained in Pakistan Family Appeals for Son s Return पिता ने लगाई पाकिस्तानी रेंजर्स की हिरासत से बेटे को वापस लाने की गुहार, Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsBSF Soldier Detained in Pakistan Family Appeals for Son s Return

पिता ने लगाई पाकिस्तानी रेंजर्स की हिरासत से बेटे को वापस लाने की गुहार

-किसी अनिष्ट की आशंका से घबराया हुआ है परिवार हुगली (पश्चिम बंगाल) अनजाने में

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीFri, 25 April 2025 04:37 PM
share Share
Follow Us on
पिता ने लगाई पाकिस्तानी रेंजर्स की हिरासत से बेटे को वापस लाने की गुहार

अनजाने में पाकिस्तानी सीमा में प्रवेश कर गए बीएसएफ जवान के पिता ने सरकार से उनके बेटे को घर वापस लाने की गुहार लगाई है। जवान का परिवार किसी अनिष्ट की आशंका से घबराया हुआ है।

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 182 वीं बटालियन के जवान पूर्णम साहू पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर में सीमा पर तैनात थे। एक दिन पहले गलती से पाकिस्तान की सीमा में प्रवेश कर जाने पर उन्हें पाकिस्तानी रेंजर्स ने हिरासत में ले लिया था।

साहू के रिशरा स्थित घर पर एक अजीब सा सन्नाटा पसरा है और परिवार किसी अनिष्ट की आशंका से घबराया हुआ है। उनके घर दिलासा देने के लिए पहुंचने वाले पड़ोसियों से जवान के पिता भोलानाथ साहू ने कहा कि उनका बेटा देश की सेवा कर रहा था और अब उन्हें यह तक नहीं पता है कि वह सुरक्षित भी है या नहीं। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं मालूम कि उनका बेटा कहां है और कैसा है।

भोलानाथ ने बताया कि साहू तीन सप्ताह पहले ही छुट्टी से वापस लौटा था। अब वह फिर चला गया और उन्हें नहीं पता कि आगे क्या होगा। उन्होंने सरकार से उनके बेटे को वापस लाने की गुहार लगाई है।

वहीं साहू की पत्नी रजनी सदमे में हैं। उन्होंने बताया कि उनकी अपने पति से मंगलवार रात को आखिरी बार बात हुई थी। वह दुखी मन से कहती हैं कि उनके सात वर्षीय बेटे को अभी इस बारे में कुछ पता नहीं है और उसे घर के अंदर ही रखा जा रहा है। वह पूछती हैं कि आखिर वह बेटे को कैसे समझाएं।

परिवार का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी आधिकारिक रूप से नहीं मिली बल्कि साहू के सहकर्मी ने फोन कर इस बारे में बताया। सहकर्मी के अनुसार साहू की उस दिन तबीयत ठीक नहीं थी। ऐसे में आराम करने के लिए एक पेड़ के नीचे बैठने के दौरान अनजाने में वह पाकिस्तानी सीमा में प्रवेश कर गया।

बीएसएफ अधिकारियों के अनुसार घटना उस समय घटी जब साहू स्थानीय किसानों की सुरक्षा में उनके साथ गए थे जिसके बाद एक पेड़ के नीचे आराम करने बैठ गए। उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह स्थान पाकिस्तानी सीमा क्षेत्र में है। वहां से उन्हें पाकिस्तानी रेंजर्स ने हिरासत में ले लिया।

अधिकारियों ने बताया कि साहू की वापसी के लिए पाकिस्तानी सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों के साथ फ्लैग मीटिंग की गई है। हालांकि बीएसएफ अधिकारियों का दावा है कि इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है और ऐसे मामलों का कूटनीतिक बातचीत से समाधान निकल आता है। लेकिन पहलगाम आतंकी हमले के ठीक बाद हुई इस घटना को लेकर परिवार घबराया हुआ है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।