आया नगर में प्रॉपर्टी पर कब्जे की लड़ाई हत्या तक पहुंची
आरोपी और मृतक के परिवार के बीच कई बार पहले भी झगड़ा हो चुका, दोनों पक्षों पर दर्ज है एफआईआर

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। महरौली इलाके में दिन दिहाड़े बीच सड़क पर ताबड़तोड फायरिंग कर हत्या करने के मामले में दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है। दोनों आरोपी आया नगर गांव के ही रहने वाले हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया कि दोनों हमलावरों की पहले से मृतक अरुण के परिवार से रंजिश चल रही थी। प्रॉपर्टी पर कब्जे और बच्चों के बीच हुए झगड़े से शुरू हुआ विवाद गुरुवार को हत्या का आ पहुंचा। दोनों परिवारों में कई बार झगड़े हो चुके हैं। दोनों पक्षों पर एफआईआर दर्ज हैं। अरुण अपने पिता के साथ गुरुवार को झगड़े के एक मामले में साकेत कोर्ट में बयान दर्ज करवाने के लिए गया था।
लौटते समय बदमाशों ने छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास उसकी की हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी और मृतक दोनों एक मोहल्ले के हैं। दोनों परिवारों में प्रॉपर्टी पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। कुछ वर्ष पहले दोनों पक्षों के बच्चों का झगड़ हुआ था। इस झगड़े ने गुरुवार को खूनी रंग ले लिया। अक्सर मौके देखकर दोनों परिवार एक दूसरे को नीचा दिखाने का प्रयास करते थे। अरुण पर लगा था फायरिंग का आरोप पुलिस सूत्रों ने बताया कि करीब एक साल पहले अरुण और आरोपियों के परिवार का झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान अरुण ने आरोपी पर फायरिंग की थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। मारपीट और फायरिंग से घायल हुआ आरोपी करीब छह माह तक बिस्तर पर रहा। लंबे समय तक उपचार के बाद चलन फिरने लायक हुआ। सूत्रों ने बताया कि इसी फायरिंग का बदला लेने के लिए अरुण की हत्या की गई है। दिन दहाड़े हुई फायरिंग महरौली-गुरुग्राम मार्ग (एमजी रोड) पर छतरपुर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 के सामने दिन दहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां चलने से हड़कंप मच गया। स्टेशन के गेट की बगल में ही गुरुद्वारा है। प्रत्यादर्शी एक ऑटो चालक ने बताया कि सड़क पर जाम लगा था। अचानक बाइक सवार ने गोलियां बरसाईं तो वाहन चालक इधर-उधर भागने लगे। कार सवार युवक ने खुद को बचाने की काफी कोशिश की। उसने कार दौड़ानी भी चाही, लेकिन जाम लगा होने के कारण सफल नहीं हो पाया। ‘धमकी देकर मुझे छोड़ दिया अरुण के पिता का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने आते ही पहले गाड़ी पर फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनकर सड़क पर भगदड़ मच गई, जिससे जाम की स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद हमलावरों ने अरुण पर ताबड़ोड़ फायरिंग कर दी। मृतक पिता ने बताया कि उन्हें लगा कि आरोपी उस पर भी फायरिंग करेंगे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। वारदात के बाद दोनों आरोपी धमकी देकर पिस्तौल लहराते हुए फरार हो गए। रैकी कर दिया वारदात को अंजाम पुलिस की जांच में सामने आया है कि बाइक सवार दोनों हमलावर अरुण और उसके पिता का पीछा कर रहे थे। पुलिस को आरोपियों के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं। आरोपियों को इस बात की जानकारी पहले से थी कि अरुण कोर्ट जाने वाला है। दोनों पहले से कोर्ट से कुछ दूरी पर खड़े थे। कोर्ट से बाहर निकलने के बाद दोनों हमलावरों ने अरुण पीछा किया। छतरपुर में मौके मिलने पर फायरिंग शुरू कर दी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।