Delhi Airport Launches Smart Police Booth for Passenger Safety and Convenience एयरपोर्ट पर यात्रियों का साथी बनेगा स्मार्ट पुलिस बूथ, Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsDelhi Airport Launches Smart Police Booth for Passenger Safety and Convenience

एयरपोर्ट पर यात्रियों का साथी बनेगा स्मार्ट पुलिस बूथ

दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए स्मार्ट पुलिस बूथ खोला गया है। अब यात्री सामान खोने या चोरी की शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इस बूथ में 24 घंटे पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। यात्रियों को एयरपोर्ट से...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीSat, 5 April 2025 07:22 PM
share Share
Follow Us on
एयरपोर्ट पर यात्रियों का साथी बनेगा स्मार्ट पुलिस बूथ

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली एयरपोर्ट से सफर कर रहे यात्रियों को अब सामान खोने या चोरी होने की शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने नहीं जाना पड़ेगा। वाहन, होटल, बस सेवा आदि की जानकारी के लिए भी भटकना नहीं होगा। यह संभव होगा स्मार्ट पुलिस बूथ की बदौलत। आईजीआई थाना पुलिस ने टर्मिनल-3 पर पहला स्मार्ट पुलिस बूथ खोला है। यह 24 घंटे खुला रहेगा। शनिवार को उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने इसका उद्घाटन किया। इस मौके पर पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा के अलावा डायल के सीईओ विदेह कुमार जयपुरियार भी मौजूद रहे। इस अवसर पर उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट से रोजाना दो लाख से ज्यादा यात्री सफर करते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह बूथ पुलिस एवं एयरपोर्ट संचालन कंपनी डायल द्वारा खोला गया है। इस हाईटेक बूथ में कोई भी यात्री अपना सामान खोने या चोरी होने की शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकता है। अगर कोई यात्री कंप्यूटर चलाना नहीं जानता तो उसकी मदद करने के लिए यहां बूथ पर पुलिसकर्मी 24 घंटे मौजूद रहेंगे। पहले इस तरह की शिकायत करने के लिए उन्हें 500 मीटर दूर आईजीआई एयरपोर्ट थाने में जाना पड़ता था। उपराज्यपाल ने कहा कि भविष्य में इस तरह के बूथ अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर भी बनाए जाएंगे।

अतिरिक्त आयुक्त उषा रंगनानी ने बताया कि स्मार्ट पुलिस बूथ में कंप्यूटर, प्रिंटर, स्केनर, वाई-फाई की सुविधा शिकायतकर्ताओं के लिए मौजूद है। एक अन्य क्योस्क में यात्री एयरपोर्ट से संबंधित जानकारी हासिल कर सकते हैं। यहां के रेस्तरां, होटल, बस सेवा, मेट्रो सेवा, मॉल, पर्यटन स्थल, अस्पताल, पुलिस स्टेशन आदि की जानकारी इस मशीन के माध्यम से यात्रियों को मिलेगी। इसके साथ ही अगर वह किसी कर्मचारी से बात करना चाहे तो लाइव बातचीत की सुविधा भी इसमें मौजूद है।

बूथ में यह सुविधाएं मिलेंगी

- यहां यात्रियों को विमान की उड़ान से संबंधित जानकारी डिजिटल बोर्ड पर मिलेगी

- सुरक्षा से संबंधित जानकारी के साथ यात्रियों को आपातकालीन नंबर भी मिलेंगे

- यात्रियों को आसपास मौजूद सुविधाओं की जानकारी मिलेगी

- किसी यात्री या सामान के खोने की शिकायत यहां की जा सकेगी

- चोरी एवं वाहन चोरी की ई-एफआईआर दर्ज कर सकेंगे और उसका प्रिंट भी मिलेगा

सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी होगा मौजूद

पुलिस के अनुसार इस पुलिस बूथ में सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। यहां मौजूद पुलिसकर्मी 200 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से एयरपोर्ट एवं आसपास के क्षेत्र की निगरानी करेंगे। अगर उन्हें कहीं संदिग्ध गतिविधि दिखी तो वह तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को इसकी सूचना देंगे। इसके लिए पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित भी किया गया है। यहां महिला पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगी, ताकि महिला शिकायतकर्ता को सुना जा सके।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।