मंगलवार के बाद ज्यादा झुलसाने वाली लू की चपेट में आएगी राजधानी
पश्चिमी विक्षोभ से दिल्ली को गर्मी से दो दिन की राहत मिली है। लेकिन, मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि मंगलवार के बाद अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो सकता है। अप्रैल में अब तक का औसत...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। पश्चिमी विक्षोभ के चलते भले ही दिल्ली को झुलसाने वाली गर्मी से दो दिन की राहत मिली हो। लेकिन, अब दिल्ली पर लू की दूसरी लहर का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार के बाद दिल्ली में फिर से लू की स्थिति बन सकती है। लू की इस बार की लहर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच सकता है। राजधानी दिल्ली में इस बार जनवरी महीने से ही मौसम असामान्य तौर पर गर्म है। जनवरी, फरवरी और मार्च का महीना सामान्य से ज्यादा गर्म रहा है। हालांकि, सामान्य से ज्यादा होने के बावजूद इन महीनों में अधिकतम तापमान असहनीय नहीं हुआ था। लेकिन, अप्रैल का सप्ताह बीतते-बीतते दिल्ली झुलसाने वाली लू की चपेट में आ गई। तेज धूप और गर्व हवा के थपेड़ों के चलते दिल्ली के लोगों का घरों से बाहर निकलना मुहाल हो गया। तीन दिन की लू के बाद पश्चिमी विक्षोभ से दिल्ली के लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली के लोगों को मिली यह राहत मंगलवार तक कायम रह सकती है। लेकिन, मंगलवार के बाद से ही अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है और दिल्ली में एक बार फिर से लू की स्थिति बनने की आशंका है। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 डिग्री या उससे भी पार जा सकता है। इस मौसम में अभी तक आठ अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। जो कि सबसे ज्यादा है। मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार के लिए दो दिन का येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं, दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में रविवार की सुबह से ही तेज चमकदार सूरज निकला रहा। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तीखी और तेज हो गई। हालांकि, पिछले दिनों दिल्ली में हुई हल्की बूंदाबांदी और आंधी के चलते हवा में नमी बनी हुई है। इसके चलते अधिकतम तापमान में बहुत तेजी से इजाफा नहीं हुआ। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में रविवार दिन का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो कि सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। जबकि, न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 66 से 29 फीसदी तक रहा।
सामान्य से एक डिग्री गरम है अप्रैलः
राजधानी में अप्रैल के अभी तक के दिनों का औसत अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस है। अप्रैल महीने में दिल्ली के सफदरजंग में औसत अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रहता है। यानी अप्रैल के अभी तक के बीते दिन ही औसत अधिकतम तापमान से एक डिग्री ज्यादा गरम हैं। यह आंकड़ा और भी ज्यादा बढ़ने की संभावना इसलिए है कि आगे भी अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रहने की संभावना है।
वर्ष 2022 के बाद सबसे गर्म अप्रैलः
वर्ष 2022 में अप्रैल का महीना खासा गर्म रहा था। तब पूरे महीने भर में 11 दिन ऐसे रहे थे जब दिल्ली में लू की स्थिति बनी थी। जबकि, महीने का औसत अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। इस अनुसार देखें तो दिल्ली में इस बार का अप्रैल महीना वर्ष 2022 के पैटर्न पर ही अभी तक चल रहा है। अप्रैल के तेरह दिनों में ही लू वाले तीन दिन आ चुके हैं और औसत अधिकतम तापमान अभी तक 37.7 डिग्री सेल्सियस पर है।
दिल्ली की हवा साफ-सुथरीः
वहीं, पिछले दिनों हुई मौसम की गतिविधि के चलते दिल्ली की हवा अभी भी साफ-सुथरी बनी हुई है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 178 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के बीच भी वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।