पाकिस्तानी दुल्हनिया लेने जा रहे भारतीय दूल्हे को अटारी बार्डर से लौटाया
-वीजा न मिलने से चार साल से अटकी थी शादी -अब वीजा मिला तो भारत-पाक

अमृतसर, एजेंसी
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव ने भारतीय दूल्हे और पाकिस्तानी दुल्हन के शादी के अरमानों को फीका कर दिया है। पहले ही वीजा न मिल पाने की वजह से दोनों को सगाई के बाद चार साल तक शहनाई बजने का इंतजार करना पड़ा। अब वीजा मिला तो बाड़मेर के रहने वाले दूल्हे की बारात को अटारी बार्डर से वापस लौटा दिया गया।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के बाड़मेर के रहने वाले शैंतान सिंह की सगाई चार साल पहले पाकिस्तान के अमरकोट जिले की रहने वाली केसर कंवर के साथ हुई थी। तब से ही शैंतान सिंह का परिवार शादी की तारीख तय करने व अन्य तैयारियों के लिए पाकिस्तान के लिए वीजा की कोशिश कर रहा था। करीब तीन साल तक विभिन्न स्तर पर देरी व कूटनीतिक बाधाओं से जूझने के बाद परिवार को इसी साल फरवरी में वीजा मिला जिसके बाद उन्हें जल्दी ही शादी की उम्मीद जागी। वीजा मिलते ही परिवार पाकिस्तान गया और वहां विवाह के लिए 30 अप्रैल की तारीख निर्धारित की गई। परिवार का वीजा 12 मई को खत्म होने वाला है।
इसी क्रम में गुरुवार को शैंतान सिंह की बारात पाकिस्तान जाने के लिए अटारी बार्डर पहुंची। सभी चार साल से अटकी शादी की घड़ी आने को लेकर उत्साहित दिख रहे थे। लेकिन यह उत्साह तब उदासी में बदल गया जब उन्हें अटारी बार्डर से पाकिस्तान में प्रवेश नहीं करने दिया और वापस भेज दिया गया।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद से दोनों देशों के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। भारत पहले ही पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने की समय सीमा निर्धारित कर चुका है अब पाकिस्तान भी भारतीयों को सीमा में प्रवेश नहीं करने दे रहा। इस स्थिति से सिंह का परिवार काफी हतोत्साहित नजर आया। परिवार का कहना है कि चार साल तक उन्होंने इस शादी के लिए इंतजार किया और तमाम कानूनी बाधाओं को दूर करते हुए यह शुभ दिन आया था। लेकिन अब दोनों देशों के बीच पनपे ताजा तनाव के बाद कह नहीं सकते कि शादी कब होगी। परिवार का कहना है कि अब तो लग रहा है कि सबकुछ फिर से अटक गया है। उनका वीजा भी 12 मई को खत्म हो जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।