केंद्र की नीतियों के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन
भारतीय युवा कांग्रेस ने रविवार को रायसीना रोड पर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। अध्यक्ष उदय भानु चिब ने भाजपा सरकार पर वादे तोड़ने और विफलताओं का आरोप लगाया। युवा कांग्रेस के...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ रविवार को भारतीय युवा कांग्रेस ने रायसीना रोड पर प्रदर्शन किया। इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने आरोप लगाया कि भाजपा नीत केंद्र सरकार हर जगह अपने वायदों से पीछे हटकर समर्पण करते हुए दिखी है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता कहते थे कि काला धन लाएंगे, बेरोजगारी हटाएंगे, किसानों की आमदनी दोगुनी कर देंगे, पाकिस्तान और चीन को लाल आंख दिखाएंगे। लेकिन, आज भाजपा नेता हर जगह समर्पण कर बैठे हैं। वे बार-बार कहते हैं कि यह नया भारत है। लेकिन हम कहना चाहते हैं कि आप भारत को बख्श दीजिए।
इसके लिए देश आपका ऋणी रहेगा। क्योंकि आपकी कायरता देश की युवा पीढ़ी को सिर्फ डायलॉग सिखा रही है। प्रदर्शन में दिल्ली प्रदेश युवा अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने कहा कि केंद्र सरकार देश को हर क्षेत्र में तबाह करने में जुटी है। सरकार को अपनी विफलताओं को छिपाने और झूठ फैलाने की आदत हो गई है। केंद्र सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है और लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रही है। इससे पूर्व, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता रायसीना रोड स्थित कार्यालय पर एकत्रित हुए। यहां पर पुतला दहन के बाद प्रदर्शन करते हुए उन्होंने आगे बढ़ने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने बैरिकेड लगाकर सभी को रोक दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।