बेंगलुरू में सड़क पर मिला वकील का शव
बेंगलुरु में शुक्रवार रात 46 वर्षीय वकील जगदीश एच का शव सड़क पर मिला। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, जगदीश की कार क्षतिग्रस्त मिली...

बेंगलुरु, एजेंसी। कर्नाटक में बेंगलुरु में शुक्रवार रात 46 वर्षीय वकील का शव सड़क पर मिला। उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान भी हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान जगदीश एच के रूप में हुई है। वह केंगेरी के एसएमवी सोसाइटी का निवासी था। शुक्रवार रात साढ़े दस बजे वकील का शव केंगेरी में सीवी रमन एस्टेट के पास एनआईसीई रोड पर पड़ा मिला। मृतक के रिश्तेदार की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि जगदीश का शव उसकी कार से करीब 150 मीटर दूर पड़ा मिला और कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त थी।
हालांकि, उसकी गाड़ी की पार्किंग लाइट जल रही थी और दरवाजे बंद थे। मृतक के सिर, बाएं पैर और पेट पर गंभीर चोट के निशान थे। शिकायतकर्ता ने कहा कि कुछ बदमाशों ने वकील की हत्या करने के इरादे से उसकी कार को क्षतिग्रस्त किया और उसे कार से बाहर निकालकर उस पर हमला किया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वकील का मोबाइल फोन भी घटनास्थल से गायब है। मामले की गहन जांच की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।