राहुल गांधी पर प्राथमिकी के खिलाफ युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
नई दिल्ली में युवा कांग्रेस ने राहुल गांधी पर बिहार पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी के खिलाफ प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी सामाजिक न्याय के योद्धा हैं और बिहार की सरकार...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बिहार पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी के खिलाफ युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। इस मौके पर युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भारत में सामाजिक न्याय आकर रहेगा और राहुल गांधी इस आंदोलन के न्याय योद्धा हैं। इससे पूर्व, प्रदर्शन के लिए युवा कांग्रेसी शुक्रवार दोपहर रायसीना रोड स्थित कार्यालय पर जुटे। यहां से प्रदर्शन करते हुए वे आगे बढ़े तो पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक लिया। इस मौके पर दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने कहा कि बिहार की जद(यू)-भाजपा सरकार ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को तबाह कर दिया है।
छात्रों को सुविधाओं के नाम पर सिर्फ झूठ और जुमले परोसे जा रहे हैं। नेता विपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को बिहार में शिक्षा न्याय संवाद में बिहार की खोखली शिक्षा व्यवस्था पर बात करने गए थे। बिहार सरकार ने उनके इस कार्यक्रम को रोकने के लिए पूरा प्रयास किया। लाकड़ा ने कहा कि इस प्रकार से कार्यक्रम को रोकना तानाशाही की पराकाष्ठा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या अब दलित, वंचित, पिछड़े वर्ग के छात्रों से संवाद करना संविधान के खिलाफ है। लाकड़ा ने कहा कि राहुल गांधी के पीछे युवाओं की शक्ति है। इस प्रकार की एफआईआर से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।