चार करोड़ की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार
-साइबर अपराध थाने में अगस्त 2023 में केस दर्ज हुआ था -साइबर ठगों को खाते

नोएडा, संवाददाता। साइबर अपराध थाना पुलिस ने शुक्रवार को चार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान बिलासपुर निवासी रजनीश के रूप में हुई।
आरोपी ने शिकायतकर्ता की चैरिटेबल संस्था का कोषाध्यक्ष रहते हुए बैंकिंग पासवर्ड, यूजर आईडी पासवर्ड और खाते का एक्सिस साइबर अपराधी को देकर उसमें चार करोड़ रुपये ट्रांसफर कराए थे। इसके संबंध में 28 अगस्त 2023 को साइबर अपराध थाने में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ था। दनकौर निवासी होमनिधि ने पुलिस को बताया था कि वह जन स्वयं सहायता चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी के सचिव हैं। संस्था का खाता बिलासपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में खुला है। संस्था के कोष और लेनदेन का संचालन रजनीश द्वारा किया जाता है। संस्था के खाते से संबंधित सभी जानकारी रजनीश के पास ही थी। आरोप है कि संस्था के खाते को 30 अप्रैल 2023 को अज्ञात व्यक्ति ने हैक कर लिया और अगले दिन सुबह दस बजे से पहले हैकर ने उसमें चार करोड़ रुपये अलग-अलग लोगों से जमा करवा दिए। जैसे-जैसे राशि जमा होती हैकर उसे निकाल लेता। एक मई 2023 को सुबह दस बजकर 45 मिनट पर संबंधित बैंक के प्रबंधक ने कॉल कर रुपये निकलने की जानकारी शिकायतकर्ता को दी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने खाते के लेनदेन पर रोक लगा दी। हालांकि, तब तक खाते में सिर्फ दो लाख 80 रुपये बचे थे। डीसीपी साइबर प्रीति यादव ने बताया कि आरोपी रजनीश को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने संस्था के कोषाध्यक्ष के पद पर रहते हुए संस्था के बैंक खाते का नेट बैंकिंग, अकाउंट से संबंधित आईडी पासवर्ड और खाते का एक्सिस साइबर अपराधी को रुपये लेकर बेच दिया। बैंक खाते का इस्तेमाल कर साइबर अपराध से संबंधित रकम देश के विभिन्न राज्यों से लेनदेन में प्रयोग कर धोखाधड़ी की रकम प्राप्त की गई। इस खाते के खिलाफ नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर 149 शिकायत विभिन्न राज्यों से दर्ज हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।