Krishan Pal Gurjar again beome Minister of State for Social Justice and Empowerment कृष्णपाल गुर्जर को फिर मोदी कैबिनेट में मिला स्थान, संभालेंगे ये मंत्रालय, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर NewsKrishan Pal Gurjar again beome Minister of State for Social Justice and Empowerment

कृष्णपाल गुर्जर को फिर मोदी कैबिनेट में मिला स्थान, संभालेंगे ये मंत्रालय

लोकसभा चुनाव 2019 में फरीदाबाद लोकसभा सीट से रिकॉर्ड मतों से ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले नवनिर्वाचित भाजपा सांसद कृष्ण पाल गुर्जर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार में दोबारा केंद्रीय...

फरीदाबाद। मुख्य संवाददाता Fri, 31 May 2019 03:32 PM
share Share
Follow Us on
कृष्णपाल गुर्जर को फिर मोदी कैबिनेट में मिला स्थान, संभालेंगे ये मंत्रालय

लोकसभा चुनाव 2019 में फरीदाबाद लोकसभा सीट से रिकॉर्ड मतों से ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले नवनिर्वाचित भाजपा सांसद कृष्ण पाल गुर्जर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार में दोबारा केंद्रीय राज्यमंत्री बनाया गया है। कृष्ण पाल गुर्जर के विभाग में कोई फेरबदल नहीं किया गया है। गुर्जर पहले की तरह ही एक बार फिर मोदी सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री के रूप में काम करेंगे।

इससे पहले वर्ष 2014 में पहली बार लोकसभा चुनाव जीतने के बाद उनको केंद्रीय राज्यमंत्री बनाया गया था। गुर्जर के मंत्री बनने को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। इसके लिए सोशल मीडिया से लेकर घर पर उनको और उनके परिवार को बधाई देने वाले पहुंचे और जश्न मनाया।

केंद्र में तीसरी बार मंत्री बने राव इंद्रजीत, ये अहम मंत्रालय मिला

विधानसभा चुनाव में ज्यादा सीट दिलवाना होगा चुनौती : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में फिर से मंत्री का दर्जा पाने वाले कृष्णपाल गुर्जर के सामने विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियो की जीत दर्ज करवाना बड़ी चुनौती होगी। पिछली दफा भी गुर्जर को लोगों ने भारी मतों से जिताया था लेकिन गुर्जर फरीदाबाद लोकसभा की नौ सीटों में से तीन सीट ही दिलवा पाए थे। बाकी छह सीटों पर तीन कांग्रेस, दो इनेलो और एक पर बसपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की थी। इस बार भी जनता ने गुर्जर को पिछली बार से ज्यादा मत देकर ऐतिहासिक जीत दर्ज करवाई है। लिहाजा, इस बार भी गुर्जर के सामने चुनौती होगी। पिछली बार से ज्यादा लोगों का भाजपा में आना भी एक चुनौती बनेगी। उनमें किस नेता को विधानसभा की टिकट दिलवा पाएंगे, जबकि दावेदार बहुत होंगे। ऐसी परिस्थितियों में उनको नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है।

गुर्जर से जुड़ी खास बातें

माता : सुनहेरो देवी

पिता : हंसराज

आयु : 62 वर्ष

जन्म स्थान : मेवला महाराजपुर, फरीदाबाद

शिक्षा : बीए, एलएलबी

राजनीतिक सफर

  • जनवरी 1992 में भाजपा में शामिल, प्रदेश सचिव बनाए गए और फरीदाबाद में डॉ. मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व वाली एकता यात्रा का फरीदाबाद में जिम्मा संभाला
  • 1994 में भाजपा जिलाध्यक्ष नियुक्त
  • 1994 में फरीदाबाद नगर निगम के पहले चुनाव में पार्षद चुने गए
  • 1995 में फरीदाबाद नगर निगम सदन में भाजपा के चार सदस्यीय पार्षद दल के नेता चुने गए
  • 1996 में मेवला महाराजपुर विधानसभा से 26417 मतों के बड़े अंतर से जीतकर विधायक चुने गए
  • 1997 में बंसीलाल सरकार में परिवहन मंत्री बने
  • 2000 में विधानसभा चुनाव में पुन: मेवला महाराजपुर से मात्र 161 मतों से जीतकर विधायक चुने गए और भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए
  • 2008 में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बने
  • 2009 में विधानसभा चुनाव में तिगांव विधानसभा से विधायक चुने गए
  • 2014 में लोकसभा चुनाव में 4.66 लाख के रिकॉर्ड मतों के अंतर जीतकर सांसद चुने गए और केंद्र सरकार में राज्य मंत्री बनाए गए
  • 2019 में लोकसभा के चुनाव में एक बार फिर 6.39 लाख मतों के अंतर जीत कर सांसद चुने गए