दिल्ली की CM रेखा गुप्ता के कार्यभार संभालते समय वहां रखा गुलदस्ता हुआ फेमस, जानिए क्या खास हुआ वहां
- सीएम पद संभालने के बाद शाम को सीएम रेखा गुप्ता ने अपनी कैबिनेट की पहली बैठक की। जिसमें दिल्ली में आयुष्मान योजना को लागू करने और दिल्ली विधानसभा के पहले ही सत्र में CAG की 14 लंबित रिपोर्ट रखने का फैसला लिया।

दिल्ली में भाजपा सरकार बनने के बाद नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ दिल्ली सचिवालय पहुंचकर औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभाल लिया। इसी दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, लेकिन खास बात यह है कि इस वीडियो के वायरल होने की वजह नई सीएम रेखा गुप्ता ना होकर उनकी टेबल पर रखा एक गुलदस्ता है, जिसकी मुख्यमंत्री से ज्यादा चर्चा हो रही है।
दरअसल कार्यभार संभालने के पहले सचिवालय में उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। इस दौरान तमाम लोग आ रहे थे, और उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दे रहे थे। इन लोगों में सांसद कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज और हर्ष मल्होत्रा समेत अन्य लोग भी शामिल रहे। सबसे खास बात यह रही कि इन सबने नई सीएम को बधाई देने के लिए अलग-अलग गुलदस्ते का इस्तेमाल ना करते हुए वहां उनकी टेबल पर रखे एकमात्र गुलदस्ते का उपयोग किया।
10 लोगों ने 11 बार सीएम को देने के लिए उपयोग किया गुलदस्ता
नई मुख्यमंत्री के सचिवालय में पदभार ग्रहण करने से बिल्कुल पहले का 1 मिनट 36 सेकेंड का जो वीडियो सामने आया है, इसमें 10 लोग बारी-बारी से उसी एक गुलदस्ते की मदद से रेखा गुप्ता को अपनी शुभकामनाएं देते हुए नजर आ रहे हैं। जिसमें पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत दो बार उसी बुके के जरिए नई सीएम को विश करती हैं। यानी 10 लोगों ने 11 बार उस बुके का इस्तेमाल किया।
सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद आया तरीका
एक ही गुलदस्ते के जरिए बधाई देने का ये तरीका सोशल मीडिया यूजर्स को भी पसंद आया और यहां भी वह वायरल हो गया। एक यूजर ने लिखा कि, 'बनिया लोगों की सबसे अच्छी आदत यह होती है कि यह लोग फिजूलखर्ची नहीं करते पर्यावरण प्रेमी होते हैं, अब देखिए एक ही गुलदस्ते से सभी आगंतुकों को निपटा दिया गया। अच्छी बात है गुलदस्ता खरीदने का पैसा बचा फिर उसके बाद यह गुलदस्ता आप फेंकोगे तो पर्यावरण को नुकसान होगा। इसीलिए सरकार कहती है अच्छे नागरिक बनिए।'
सचिन गुप्ता नाम के एक यूजर ने लिखा, 'गुलदस्ता एक, माली अनेक'। सौरभ त्रिपाठी नाम के एक यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, 'मैं तो बस गुलदस्ता देख रहा, ऐसा अद्भुत सदुपयोग'
दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं रेखा गुप्ता
इससे पहले रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली की नौवीं और चौथी महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। करीब 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करने वाली भाजपा सरकार में गुप्ता के साथ छह विधायकों ने भी मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस दौरान प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, पंकज सिंह, आशीष सूद और रवींद्र इंद्राज ने मंत्री पद की शपथ ली।
सीएम बोलीं- विकसित दिल्ली के सपने को साकार करेंगे
शपथ ग्रहण के बाद दोपहर करीब तीन बजे नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ दिल्ली सचिवालय पहुंचीं, जहां उन्होंने औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभाला। कार्यभार संभालने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ‘विकसित दिल्ली’ के मिशन के सपने को साकार करने के लिए एक दिन भी बर्बाद नहीं करेंगे और उस पर लगातार काम करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि, हम दिल्ली की जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करेंगे।
कैबिनेट की बैठक में लिए दो बड़े फैसले
सीएम पद पर औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने के बाद शाम को सीएम रेखा गुप्ता अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ दिल्ली के वासुदेव घाट पर पहुंचीं, जहां उन्होंने यमुना आरती में शामिल होकर यमुना जी की प्रार्थना की। इसके बाद शाम को साढ़े सात बजे उन्होंने अपनी कैबिनेट की पहली बैठक की। जिसमें दिल्ली में आयुष्मान योजना को लागू करने और दिल्ली विधानसभा के पहले ही सत्र में CAG की 14 लंबित रिपोर्ट रखने का फैसला लिया।
बता दें कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की पूर्व अध्यक्ष एवं दिल्ली की शालीमार बाग सीट से पहली बार की विधायक बनीं रेखा गुप्ता दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री हैं। इसके अलावा वह सुषमा स्वराज, कांग्रेस की शीला दीक्षित और आम आदमी पार्टी की आतिशी के बाद दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं। जबकि मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री हैं। इसके साथ ही वह, वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री हैं।