बीसीसीआई ने अधिकारिक बयान जारी कर बता दिया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए आईपीएल 2025 को एक हफ्ते के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। आईए एक नजर डालते हैं पॉइंट्स टेबल, ऑरेंज-पर्पल कैप और टूर्नामेंट के कुछ रिकॉर्ड्स पर
IPL 2025 सस्पेंड होने से पहले पॉइंट्स टेबल में शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस नंबर-1 रही। जीटी के साथ टॉप-4 में आरसीबी, पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस की टीमें थी। अभी तक किसी टीम को प्लेऑफ का टिकट नहीं मिला है। प्लेऑफ की रेस में गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स की टीमें आगे हैं। चौथे पायदान के लिए मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच जबरदस्त जंग होगी।
IPL 2025 की ऑरेंज कैप फिलहाल सूर्यकुमार यादव के पास है। 12 मैचों में मुंबई इंडियंस के इस खिलाड़ी ने सर्वाधिक 510 रन बनाए हैं। साई सुदर्शन 509 रनों के साथ उनके पीछे हैं। वहीं टॉप-5 में शुभमन गिल (508), विराट कोहली (505) और जोस बटलर (500) भी हैं।
IPL 2025 सस्पेंड होने से पहले पर्पल कैप गुजरात टाइटंस के प्रसिद्ध कृष्णा के पास है, उन्होंने अभी तक टूर्नामेंट में 20 विकेट चटकाए हैं। उनके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स के नूर अहमद के नाम भी 20 विकेट हैं, मगर बेहतर इकॉनमी के चलते प्रसिद्ध कृष्णा पहले नंबर पर हैं। टॉप-5 में इनके अलावा जोश हेजलवुड (18), ट्रेंट बोल्ट (18) और वरुण चक्रवर्ती (17) हैं।
IPL 2025 में अभी तक गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन के नाम सबसे ज्यादा चौके दर्ज हैं। उन्होंने सबसे अधिक 56 चौके लगाए हैं। इस लिस्ट में प्रभसिमरन सिंह (52), सूर्यकुमार यादव (51), शुभमन गिल (51) और जोस बटलर (49) टॉप-5 में हैं।
IPL 2025 में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में लखनऊ सुपर जाएंट्स के निकोलस पूरन का कोई सानी नहीं है। पूरन के नाम जहां 34 छक्के हैं, वहीं कोई बल्लेबाज 30 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाया है। प्रियांश आर्या 28 छक्कों के साथ दूसरे, श्रेयस अय्यर 27 के साथ तीसरे, सूर्यकुमार यादव 26 के साथ दूसरे, रियान पराग 26 के साथ तीसरे नंबर पर हैं।
IPL 2025 में कुल चार शतक लगे हैं, जिसमें सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा के नाम है। बाएं हाथ के इस ओपनर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 141 रन बनाए थे। वहीं लिस्ट में ईशान किशन (106), प्रियांश आर्या (103) और वैभव सूर्यवंशी (101) भी मौजूद हैं।
IPL 2025 में अभी तक मिचेल स्टार्क और हार्दिक पांड्या ही एक पारी में 5 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं। स्टार्क के नाम बेस्ट बॉलिंग फिगर का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 35 रन देकर पंजा खोला था। वहीं पांड्या ने लखनऊ के खिलाफ 36 रन देकर 5 विकेट लिए थे।
विराट कोहली के नाम IPL 2025 में सर्वाधिक 7 अर्धशतक दर्ज हैं। उनके बाद इस लिस्ट में साई सुदर्शन, शुभमन गिल, जोस बटलर और प्रभसिमरन सिंह हैं। इन सभी के नाम 5-5 अर्धशतक दर्ज हैं।