इस बार अपना जन्मदिन नहीं मनाएंगे अशोक गहलोत, पीछे छिपी है खास वजह
एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए अशोक गहलोत ने लिखा कि पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले ने हम सभी को अंदर तक व्यथित कर दिया है। परिवार के साथ सुखद समय बिताने के उद्देश्य से गए लोगों के लिए यह यात्रा एक जीवन भर का दुख दे गई। अभी तक उन परिवारों की मनोस्थिति सोचकर मन सिहर उठता है।

राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत इस बार अपना जन्मदिन नहीं मनाएंगे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बाकी प्रशंसकों को भी किसी तरह का कार्यक्रम न करने को कहा है। अशोक गहलोत ने यह फैसला 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले में मारे गए 26 बेगुनाह लोगों के चलते लिया है। बता दें कि आगामी 3 मई को अशोक गहलोत का जन्मदिन है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी है।
एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए अशोक गहलोत ने लिखा कि पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले ने हम सभी को अंदर तक व्यथित कर दिया है। परिवार के साथ सुखद समय बिताने के उद्देश्य से गए लोगों के लिए यह यात्रा एक जीवन भर का दुख दे गई। अभी तक उन परिवारों की मनोस्थिति सोचकर मन सिहर उठता है जिनके परिजनों को उनके सामने मार दिया गया।
गहलोत ने आगे लिखा कि ऐसे समय में मैंने इस वर्ष 3 मई को अपना जन्मदिन न मनाने का फैसला किया है। मेरी सभी प्रशंसकों एवं कार्यकर्ताओं से अपील है कि इस दिवस पर अगर आपने कोई कार्यक्रम प्रस्तावित किया है तो मानवीय दृष्टिकोण रखते हुए इसे रक्तदान शिविर एवं सेवा कार्यों तक ही सीमित रखें। इसके अतिरिक्त किसी तरह का जश्न न मनाएं। यह उन सभी दिवंगत आत्माओं को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि है और उनके परिवारों के प्रति एकजुटता का प्रतीक है। इस दुख की घड़ी में पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ हैं।