कैंटर वाहन ने रौंदे बाइक सवार पीआरडी जवान, एक की मौत
Agra News - पटियाली थाना क्षेत्र में अशोकपुर के समीप एक कैंटर वाहन ने बाइक सवार पीआरडी जवानों को रौंद दिया। दुर्घटना में 45 वर्षीय ओमकार सिंह की जिला अस्पताल में मृत्यु हो गई, जबकि अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो...

पटियाली थाना क्षेत्र में अशोकपुर के समीप बीती देर रात बाइक सवार पीआरडी जवानों को कैंटर वाहन ने रौंद दिया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए एक जवान की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। दुर्घटना के बाद से मृतक के परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के मुताबिक पटियाली क्षेत्र में अशोकपुर गांव के समीप कैंटर वाहन की टक्कर से पीआरडी जवानों के घायल होने की जानकारी मिली। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल पीआरडी जवान 45 वर्षीय ओमकार सिंह पुत्र तेजसिंह, 35 वर्षीय नरेंद्र कुमार पुत्र चंद्रपाल निवासीगण धर्मपुर सुन्नगढ़ी को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और उनके परिजनों को जानकारी दी।
परिवारीजनों ने पुलिस को बताया कि सोमवार की रात्रि नौ बजे दोनों पीआरडी जवान अपने गांव से चौकी दरियावगंज थाना पटियाली ड्यूटी के लिए जा रहे थे, तभी दुर्घटना हो गई। घायलों को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पीआरडी जवान ओमकार की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि मृतक के दो बेटी और तीन बेटे हैं। घटना के बाद से पत्नी सर्वेशा देवी और बच्चों का रो रो कर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि कैंटर वाहन पुलिस के कब्जे में है। चालक की तलाश जारी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।