एम इंडिया फोरम ने ग्लोबल कम्युनिटी अफेयर्स का सचिव मनोनीत किया
Ambedkar-nagar News - अम्बेडकरनगर के सैयद आबिद हुसैन उर्फ बजरंगी भाईजान को एम इंडिया फोरम द्वारा ग्लोबल कम्युनिटी अफेयर्स का सचिव नियुक्त किया गया है। वे खाड़ी देशों में फंसे भारतीय मजदूरों की मदद करेंगे, जिसमें वतन वापसी...

किछौछा, संवाददाता। अम्बेडकरनगर, अयोध्या, आजमगढ़ समेत आसपास के जिलों के खाड़ी देशों समेत अन्य देशों में काम कर रहे प्रवासी भारतीय मजदूरों के लिए एक अच्छी खबर है। अब जिले के इंडियन सोशल एक्टिविस्ट सैयद आबिद हुसैन उर्फ बजरंगी भाईजान काम कर रहे प्रवासी मजदूरों के देशों में जाकर जमीनी हकीकत से रूबरू होते हुए वतन वापसी से लेकर अन्य मदद, लीगल एड मुहैया कराएंगे। जिले के बसखारी थाना क्षेत्र के रुद्रपुर भगाही निवासी इंडियन सोशल एक्टिविस्ट सैयद आबिद हुसैन उर्फ बजरंगी भाईजान को प्रसिद्ध संस्था एम इंडिया फोरम (लक्ष्य भारत मंच) ने ग्लोबल कम्युनिटी अफेयर्स का सचिव मनोनीत किया है।
काउंसलेट जनरल ऑफ इंडिया के सहयोगी पार्टनर के रूप में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और भारत में एम इंडिया फोरम कार्य करता है। ग्लोबल कम्युनिटी अफेयर्स का सचिव बनाए जाने पर सैयद आबिद हुसैन उर्फ बजरंगी भाईजान ने एम इंडिया फोरम के संस्थापक/चेयरपर्सन शेख मुजफ्फर का शुक्रिया अदा किया है। पूर्व में बजरंगी भाईजान के नाम से मशहूर सै. आबिद हुसैन सऊदी अरब, ओमान, कुवैत, इराक, इरान, यूएई समेत खाड़ी के अन्य देशों में फंसे भारतीय मजदूरों की वतन वापसी, मृत कामगारों के शवों को भारत लाने के लिए पत्राचार के माध्यम से तथा दूरभाष के जरिए इंडियन एंबेसी और संबंधित देशों के अहलकारों से संपर्क कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। नया पद मिलने के बाद बजरंगी भाईजान खाड़ी देशों का दौरा कर प्रवासी भारतीय मजदूरों/कामगारों से रूबरू होते हुए वतन वापसी से लेकर अन्य मामलों में उन्हें जागरूक करने के साथ ही लीगल एड मुहैया कराएंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।