फांसी के फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, हत्या का आरोप लगाकर किया हंगामा
Amroha News - भुवरा गांव में एक विवाहिता किरन का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया और हंगामा किया। पंचायत में समझौते के बाद कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। वीरेंद्र और किरन के...

ढवारसी। विवाहिता का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच पंचायत में हुए समझौते के बाद कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। बिना पोस्टमार्टम शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। मामला थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव भूवरा का है। गांव निवासी वीरेंद्र सिंह की शादी सात वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र के गांव ओगपुरा निवासी किरन के संग हुई थी। दंपति पर एक बेटा व एक बेटी है। वीरेंद्र मेरठ में मजदूरी करता है। बताया जा रहा है कि 25 वर्षीया किरन का शव सोमवार शाम घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला।
खबर लगते ही मायके वाले मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मामला निपटाने के लिए गांव में पंचायत बैठ गई। कई घंटे तक चली पंचायत में तय हुआ कि वीरेंद्र के हिस्से की भूमि उसकी बेटी व बेटे के नाम की जाएगी। इसके बाद दोनों पक्षों में कानूनी कार्रवाई न करने की सहमति बन गई। मंगलवार सुबह शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। पुलिस ने इस संबंध में कोई तहरीर न मिलने की बात कही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।