अरविंद पाठक अध्यक्ष, रणधीर सिंह मंत्री निर्वाचित
Azamgarh News - आजमगढ़ में दी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन का चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मतगणना के बाद अरविंद कुमार पाठक को अध्यक्ष और रणधीर सिंह को मंत्री पद पर निर्वाचित घोषित किया गया। अधिवक्ताओं ने विजेताओं का...

आजमगढ़, संवाददाता। दी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन का चुनाव गुरुवार को सकुशल संपन्न हो गया। मतगणना को लेकर सुबह से ही गहमा-गहमी का माहौल रहा। मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई। अध्यक्ष पद पर अरविंद कुमार पाठक और मंत्री पद पर रणधीर सिंह निर्वाचित घोषित किए गए। अधिवक्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों को माला पहनाकर स्वागत किया। दी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्य कार्यकारिणी समिति के वार्षिक निर्वाचन के लिए अध्यक्ष, मंत्री के अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष के दो पद, वरिष्ठ कार्यकारिणी समिति के सदस्य के छह पद के लिए बुधवार को मतदान हुआ था। मतदान के बाद गुरुवार को निर्वाचन अधिकारी शिवधन प्रसाद एडवोकेट और चेयरमैन एल्डर कमेटी श्रीराम त्रिपाठी की उपस्थिति में गुरुवार की सुबह मतगणना शुरू हुई। मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी गई। जबकि कोषाध्यक्ष, सहमंत्री प्रशासन, सहमंत्री पुस्तकालय, सहमंत्री प्रकाशन, कनिष्ठ कार्यकारिणी पद पर पूर्व में ही निर्विरोध निर्वाचन हो गया था। अध्यक्ष पद पर 201 मत पाकर अरविंद कुमार पाठक विजयी हुए। वहीं, उनके निकटतम प्रत्याशी रहे भृगुनाथ राम को 169 और बलिराम यादव को 11 मत मिले। मंत्री पद पर रणधीर सिंह विजयी घोषित किए गए। रणधीर सिंह को 208 और उनके प्रतिद्वंद्वी रहे रविशंकर यादव को मात्र छह मत मिले। इसी क्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए 292 मत पाकर संतोष कुमार श्रीवास्तव एवं 239 वोट पाकर मनकू कुशवाहा विजयी हुए। इसी प्रकार से वरिष्ठ कार्यकारिणी समिति के छह पदों के लिए अरविंद कुमार लाल को 252, जियालाल यादव को 275, नागेंद्र प्रसाद यादव को 244, संदीप प्रकाश सिंह को 281, हरगोविंद यादव को 241 और शमशाद अहमद को 236 मत मिले। जबकि सबसे कम 186 वोट पाकर श्यामजीत यादव पराजित हो गए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।