25 बूथों पर 19,438 मतदाता आज डालेंगे वोट
Balia News - मनियर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए वोटिंग आज, 2 मई को होगी। कुल 19,438 मतदाता 25 मतदान स्थलों पर वोट डालेंगे। इनमें 8 संवेदनशील और 13 अति संवेदनशील स्थल शामिल हैं। मतदान को सफलतापूर्वक...
बांसडीह/मनियर, हिन्दुस्तान संवाद। मनियर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हो रहे उपचुनाव की वोटिंग दो मई को यानि आज होगी। कुल 19 हजार 438 मतदाता सात मतदान केन्द्रों के 25 मतदेय स्थलों पर वोट डालेंगे। 25 मतदेय स्थलों में से आठ संवेदनशील, 13 अति संवेदनशील तथा चार अति प्लस संवेदनशील हैं। मतदान को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सौ मतदानकर्मियों की ड्यूटी लगायी गयी है। इनके अलावा 25 कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है। गुरुवार को बांसडीह इंटर कालेज से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना की गयीं। दोपहर में जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार व एसपी ओमवीर सिंह ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी का जायजा लिया।
इसके बाद दोनों अधिकारी मनियर पहुंचे। वहां मनियर इंटर इंटर कालेज व बीआरसी कार्यालय पर बने मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करने के साथ ही मातहतों को जरूरी निर्देश दिए। एडीएम अनिल कुमार से मतदान केंद्रों पर बिजली, पंखा, पानी व टेंट आदि के उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। चुनाव के दौरान एंबुलेंस व अस्पताल पर चिकित्सकों की उपस्थिति भी सुनिश्चित करने को कहा। एसपी ने अराजक तत्वों पर सख्त निगरानी रखने के लिए थानाध्यक्ष रत्नेश कुमार दूबे को निर्देशित किया। उल्लेखनीय है कि मई 2023 में हुए निकाय चुनाव में मनियर नपं में अध्यक्ष पद के लिए सपा प्रत्याशी रीतू देवी ने जीत दर्ज की थी। उम्र का प्रमाण पत्र गलत पाए जाने पर न्यायालय ने उनके चुनाव को रद कर दिया था। इसके बाद उप चुनाव कराया जा रहा है। इस चुनाव में रीतू देवी की सास धनवती देवी सपा के टिकट पर मैदान में हैं। जबकि भाजपा से बुचिया देवी के अलावा निर्दल देवांती व शुभावती देवी प्रत्याशी हैं। इन चारों प्रत्याशियों की किस्मत शुक्रवार को ईवीएम में कैद हो जाएगी। मतगणना पांच मई को होगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।