17 साल से बाद सलामती की सूचना पर चहक उठा परिवार
Banda News - नोएडा पुलिस ने 17 साल से लापता 55 वर्षीय राजेंद्र कुमार को उसके परिवार से मिलाने का कार्य किया। राजेंद्र की पहचान होने पर पुलिस ने उसके परिवार से संपर्क किया। उसकी मां, जो उसके लापता होने से दुखी थीं,...

बांदा। संवाददाता नोएडा पुलिस ने 17 साल से लापता 55 वर्षीय शख्स को परिवार से मिलाने का काम किया। काफी खोजबीन के बाद जब कोई पता नहीं चला तो परिवार के सदस्य मरा मान चुके थे। शख्स के लापता होने से दुखी उसकी मां की मौत हो चुकी है। मंगलवार दोपहर 12 बजे के नोएडा में डॉयल 112 पर कॉल आई। कसाना थाना क्षेत्र के निहाल पार्क में एक बीमार व्यक्ति के पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी नबी हसन और सिपाही हरीश चौधरी मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस से निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शख्स का बदन बुखार से तप रहा था।
अस्पताल में आराम मिलने पर शख्स ने अपनी पहचान बताई। बताया कि वह बांदा में पैलानी थाना क्षेत्र स्थित अलोना गांव निवासी राजेंद्र कुमार है। बताया कि कई साल से परिवार से बात नहीं हुई। परिवार के कई लोगों का वह नाम भी भूल चुका है। इतनी जानकारी मिलने के बाद कासना पुलिस ने बांदा जिले के पैलानी थाना प्रभारी से संपर्क किया। राजेंद्र के परिवार के बारे में जानकारी करने को कहा। करीब एक घंटे बाद कासना पुलिस को बताया गया कि राजेंद्र के परिवार से संपर्क हो गया है। राजेंद्र के जिंदा और सही सलामत होने की सूचना पाकर पूरे परिवार के लोग खुश हो गए। राजेंद्र पांच भाइयों में मझला है। सबसे बड़े भाई मुरलिया की मौत हो चुकी है। उसके बाद नत्थू, फिर राजेंद्र, वीरेंद्र और सबसे छोटा सुरेंद्र है। वीरेंद्र और सुरेंद्र गांव के घर में रहते हैं। नत्थू परदेस में काम करता है। वीरेंद्र ने बताया कि बेटा जितेंद्र अपने ताऊ को लेने के लिए नोएडा गया है। बताया कि भाई राजेंद्र के लापता होने के बाद से मां रमकलिया काफी दुखी रहती थीं। करीब आठ साल पहले उनका स्वर्गवास हो चुका है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।