शादी के दूसरे दिन घर में लगी आग, मची अफरातफरी
Basti News - बस्ती। रुधौली तहसील क्षेत्र के मुंगरहा गांव में लड़के की शादी के दूसरे दिन

बस्ती। रुधौली तहसील क्षेत्र के मुंगरहा गांव में लड़के की शादी के दूसरे दिन ही गैस सिलेंडर में रिसाव से आग लग गई। चूल्हे पर रिश्तेदारों के लिए खाना बनाते वक्त यह हादसा हुआ। तेजी से फैली आग रिहायशी छप्पर तक पहुंच गई। यह देख मौके पर अफरातफरी मच गई। रिश्तेदार व ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक आग की चपेट में आने से गृहस्थी के सामानों के साथ ही नई नवेली दुल्हन का भी सामान सब जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंचकर लेखपाल ने क्षति की रिपोर्ट तैयार की।
मुंगरहा निवासी चंद्रावती पत्नी स्व. चंद्रभान के तीसरे बेटे सचिन की शादी बीते 21 अप्रैल को थी। बांसी थानाक्षेत्र के कोल्हूवा में बरात गई थी। बरात वापस आई थी। इस दौरान घर पर नात-रिश्तेदार जुटे हुए थे। शाम को मकान के आगे छाए छप्पर के नीचे गैस चूल्हे पर खाना बन रहा था। इसी दौरान गैस सिलेन्डर के पाइप में रिसाव होने से पहले सिलेंडर में आग लगी, जिससे भगदड़ मच गई। देखते ही देखते आग छप्परपोश मकान तक पहुंच गई। मकान में रखा गृहस्थी के पूरे सामान, अनाज के साथ ही दुल्हन के मायके से आया सारा सामान भी जल गया। ग्रामीण व रिश्तेदारों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। आग से पूरा घर व सामान जलने से शादी की खुशियां गम में बदल गईं। परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।