आर्केस्ट्रा कलाकारों संग नृत्य करने को लेकर मारपीट व फायरिंग, एक घायल
Deoria News - श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के कड़सरवा बुजुर्ग गांव में आई थी बारात प्रतापपुर(देवरिया)। हिन्दुस्तान

प्रतापपुर(देवरिया), हिन्दुस्तान संवाद। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र स्थित कड़सरवा बुजुर्ग में शनिवार की रात आई बारात में आर्केस्ट्रा की नर्तकियों के साथ नृत्य करने को लेकर बारातियों और ग्रामीणों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान फायरिंग भी हुई जिसमें एक किशोर छर्रा लगने से घायल हो गया। इस मामले में पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लिया है। एएसपी व अन्य अधिकारियों ने थाने पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के कटहरिया निवासी पृथ्वीनाथ कुशवाहा के बेटे मोहन कुशवाहा की शादी थी। बारात शनिवार की रात कड़सरवा बुजुर्ग गांव निवासी महेंद्र कुशवाहा के घर आई थी। शादी की रस्में पूरी कराई जा रही थी।
उधर आधी रात बाद तकरीबन 12:30 बजे जहां बारात रुकी थी वहां आर्केस्ट्रा में नर्कतियों के साथ नृत्य करने को लेकर बारातियों और कुछ ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। बात बढ़ गई और मारपीट शुरू हो गई। मारपीट की इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। बारात में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान किसी ने तमंचे से फायरिंग कर दी। छर्रा लगने से कड़सरवा बुजुर्ग कासिम का पुत्र आजाद (16) घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। बारातियों और ग्रामीणों के बीच मारपीट की घटना सूचना पाकर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्ष से तकरीबन आठ लोगों को हिरासत में ले लिया और सभी को थाने लेकर चली गई। हिरासत में लिए गए लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। एएसपी सुनील कुमार सिंह ने भी रविवार की सुबह थाने पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक कपिलदेव चौधरी ने बताया कि बारात में मारपीट हुई थी। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फायरिंग होने की बात भी प्रकाश में आई है। किसी को गोली नहीं लगी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।