कृषि मंत्री ने 11 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास व लोकार्पण
Deoria News - पथरदेवा में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने डॉ भीमराव आंबेडकर की जयंती पर 1.92 करोड़ की लागत से नगर पंचायत कार्यालय का उद्घाटन किया और 11 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने संविधान की...

पथरदेवा(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। सोमवार को संविधान निर्माता डॉ भीमराव आंबेडकर की जयंती पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने 1.92 करोड़ की लागत से तैयार नगर पंचायत कार्यालय का लोकार्पण के साथ 11 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ भी कराया। महुआरी स्थित नगर पंचायत कार्यालय पर कार्यक्रम की शुरुआत कृषि मंत्री ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद श्री शाही ने नगर पंचायत कार्यालय का लोकार्पण करने के बाद कूड़ा उठाने वाली दो गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्री शाही ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन की सरकार देश को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आज पूरी दुनिया भारत की अर्थव्यवस्था को देख रही है। पथरदेवा विधानसभा में एक साथ चार नगर पंचायतें सृजित कर ऐतिहासिक काम किया गया है। नगर पंचायत में आवास के लिए 1720 आवेदन प्राप्त हुए हैं जिनकी जांच चल रही है। वर्तमान में 9.52 करोड़ की लागत से 352 आवासों का निर्माण गतिमान है। उन्होंने कहा कि देश का प्रत्येक नागरिक अपने दायित्वों को समझे और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दे। भाजपा आंबेडकर साहेब के सपनों को साकार कर रही है। कांग्रेस ने संविधान के साथ छेड़छाड़ कर उसमें कई बार बदलाव करने की कोशिश की। भाजपा हमेशा से संविधान का संरक्षक रही है और देश हित की राजनीति करती है। इसके पहले चेयरमैन क्रांति सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सफीक अहमद, जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह और मंत्री अशरफ अली ने माल्यार्पण कर कृषि मंत्री का स्वागत किया। संचालन अवधेश सिंह ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा संजय सिंह, जिला महामंत्री श्रीनिवास मणि, जिला उपाध्यक्ष अजय शाही, सभासद सुशील पांडेय, बृजेश शुक्ला, तेज प्रताप सिंह, संजीत धर द्विवेदी, उमापति चतुर्वेदी, हेमंत पाठक, रामाशीष गुप्ता, रामायन साहनी और अवनीश पाठक मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।