तिरंगा यात्रा में हर तरफ दिखा राष्ट्र प्रेम का जज्बा
Farrukhabad-kannauj News - फर्रुखाबाद, संवाददाता। भारतीय सेना के शौर्य, वीर जवानों के सम्मान में शनिवार को निकाली

फर्रुखाबाद, संवाददाता। भारतीय सेना के शौर्य, वीर जवानों के सम्मान में शनिवार को निकाली गयी शौर्य भारत तिरंगा यात्रा से हर तरफ राष्ट्र प्रेम का जज्बा दिखायी पड़ा। हाथों में लहराते तिरंगे, गूंजते देशभक्ति के नारों के साथ निकली इस यात्रा में सेना के शौर्य और बलिदान को हर किसी ने नमन किया। आपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद चारो तरफ जश्न का माहौल है। शनिवार की शाम को टाउनहाल से भारत शौर्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। तिरंगा यात्रा जैसे ही शहर के आगे बढ़ी तो लोगों की भीड़ बढ़ते ही चली गयी। पक्का पुल किराना बाजार होते हुये तिरंगा यात्रा जैसे ही चौक पर पहुंची तो सैकड़ों लोगों का हुजूम देशभक्ति के नारे लगाते हुये माहौल को गुंजायमान करने लगा।
इस यात्रा पर जगह जगह पुष्पवर्षा भी की गयी। यात्रा का शुभारंभ मंत्री प्रतिभा शुक्ला की ओर से किया गया। बड़ी संख्या मेें भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा व्यापारी और विभिन्न संगठनों के लोग शामिल रहे। हाथों में तिरंगा थामकर आगे बढ़ रहे लोग सेना के शौर्य से गौरवान्वित हो रहे थे। मुख्य मार्गो पर जैसे ही यह यात्रा निकली तो राह चलते लोग भी भारत माता के जयकारे लगाने लगे। यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्र प्रेम और देश की सुरक्षा को लेकर अपना अटूट संकल्प लिया। मुख्य मार्गो से गुजरते हुये यात्रा लालगेट के फब्बारे के पास समाप्त हुयी। यात्रा में जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा, सांसद मुकेश राजपूत, विधायक सुनीलदत्त द्विवेदी, नागेंेद्र सिंह राठौर, भूदेव राजपूत आदि मौजूद रहे। मंत्री ने लालगेट पर यात्रा के बाद कहा कि भारतीय सेना ने जो शौर्य और साहस का परिचय दिया है उसकी गूंज पूरी दुनिया में सुनायी दे रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।