Mystery Surrounds Death of 13-Year-Old Boy Found in Yamuna River Suspected Murder यमुना के किनारे मिला किशोर का शव, हत्या की आशंका, Gangapar Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsGangapar NewsMystery Surrounds Death of 13-Year-Old Boy Found in Yamuna River Suspected Murder

यमुना के किनारे मिला किशोर का शव, हत्या की आशंका

Gangapar News - घूरपुर के कंजासा गांव की घटना, गुरुवार की सुबह बकरी चराने निकला था मुंह और

Newswrap हिन्दुस्तान, गंगापारFri, 23 May 2025 04:00 PM
share Share
Follow Us on
यमुना के किनारे मिला किशोर का शव, हत्या की आशंका

क्षेत्र के कंजासा गांव में यमुना के किनारे पानी में शुक्रवार की सुबह गांव के ही एक किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने देखा तो कोहराम मच गया। मुंह और नाक से खून निकलता देख लोगों ने हत्या की आशंका जाहिर की। मौके पर पहुंची घूरपुर पुलिस ने फोरेंसिक एवं डॉग स्क्वायड टीम बुलाकर जांच भी करवाई। परिजनों की तहरीर के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घूरपुर थाना क्षेत्र के कंजासा गांव निवासी सिपाही लाल निषाद का तेरह वर्षीय बेटा गुरुवार की सुबह बकरी चराने के लिए यमुना की तराई की ओर गया था।

शाम को जब वह घर नहीं पहुंचा तो घर वाले परेशान हो गए और रात भर रोहित की तलाश संभावित जगहों पर करते रहे। शुक्रवार की सुबह गांव के कुछ लोग यमुना घाट की ओर स्नान करने के लिए गए तो रोहित का शव यमुना के किनारे पानी में दिखाई दिया। शव देखते ही शव मिलने की सूचना रोहित के परिजनों को दी गई तो वे भी रोते बिलखते घाट पर पहुंच गए। सूचना पुलिस को हुई तो थाना प्रभारी दिनेश सिंह भी अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे जहां लोग मुंह और नाक से खून निकलने की बात कहते हुए हत्या की आशंका जाहिर करने लगे। थाना प्रभारी ने लोगों को समझाते हुए फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर जांच के लिए बुलाया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम ने भी पड़ताल की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बाबत थाना प्रभारी घूरपुर दिनेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत नहाते समय यमुना में डूबने से हुई प्रतीत होती है। बाकी पोस्टमार्टम की रिपोर्ट और पुलिसिया जांच के बाद ही मामला स्पष्ट होगा। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत होने का कारण का पता चलेगा उसके बाद ही अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी। रोहित चार भाई और एक बहन में तीसरे नंबर पर था। कंजासा गांव में शुक्रवार की सुबह तेरह वर्षीय किशोर रोहित का शव मिलने की सूचना होते ही ग्रामीणों की अच्छी खासी भीड़ लग गई। रोहित के शव को देख मां और अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो रहा था।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।