पर्यावरण बचाने के लिए पौधरोपण की विकल्प: डीएम
Gauriganj News - विश्व पृथ्वी दिवस पर जगह-जगह हुआ पौधरोपण का आयोजन अमेठी। संवाददाता मंगलवार को

विश्व पृथ्वी दिवस पर जगह-जगह हुआ पौधरोपण का आयोजन अमेठी। संवाददाता
मंगलवार को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर जगह-जगह पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम संजय चौहान ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण बचाने के लिए पौधरोपण ही एकमात्र विकल्प है।
कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण कर डीमए ने वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन को देखते हुए जिस तरह से समस्याएं उत्पन्न हो रहीं हैं वह हमारे लिए चुनौती हैं। इस स्थिति से निपटने के लिए हमें पौधे लगाने के साथ ही पेड़ों को बचाना भी होगा। सभी को चाहिए कि अपने आसपास खाली स्थान पर पौधे अनिवार्य रूप से लगाएं एवं उनकी देखभाल भी करें। एडीएम न्यायिक दिनेश कुमार मिश्रा ने भी पौधरोपण किया। प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र ने बताया कि विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर कादूनाला व जीजीआईसी गौरीगंज में गोष्ठी का आयोजन कर लोगों को पौधरोपण के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष वर्षा काल में जनपद में लगभग 43.62 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
गौरीगंज स्थित गुरुकुल ज्ञान एकेडमी में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर नन्हे-मुन्हें बच्चों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर बच्चों ने विद्यालय प्रांगण में नीम का पौधा लगाया और पृथ्वी माता को संरक्षित रखने का संकल्प लिया। साथ ही पोस्टर और बैनर के माध्यम से समाज को जागरूक करने का प्रयास किया। प्रबंधक ओपी सिंह ने कहा कि पृथ्वी मां ने हमें जीवन दिया है। अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम जल संरक्षण, पौधरोपण जैसे कार्यों के माध्यम से उनकी रक्षा करें।
बीमार पड़ी धरती को बचाने की जरूरत
जीजीआईसी गौरीगंज में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरणविद डॉ. अर्जुन पाण्डेय ने कहा कि जीवन्त ग्रह धरती हमारी मां है। संसाधनों के अंधाधुंध शोषण से बीमार पड़ी पृथ्वी को बचाने की जरूरत है। क्षेत्रीय वनाधिकारी गौरीगंज एसके शर्मा ने कहा कि वृक्ष और पुत्र एक समान हैं। पौधरोपण से जरूरी पौधों की देखभाल है। प्रधानाचार्या डॉ: संगीता शर्मा ने बच्चों को पौधरोपण के लिए प्रेरित किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।