Woman Held Hostage and Robbed in Gagaha Police Investigate Suspicious Circumstances महिला को बंधक बना नकदी व गहने लूटे, Gorakhpur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsGorakhpur NewsWoman Held Hostage and Robbed in Gagaha Police Investigate Suspicious Circumstances

महिला को बंधक बना नकदी व गहने लूटे

Gorakhpur News - गगहा थाना क्षेत्र में एक महिला को बंधक बनाकर लूटपाट का मामला सामने आया है। चार बदमाशों ने महिला के हाथ-पैर बांधकर गहने और नकदी चुरा ली। पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू की है। महिला ने शोर...

Newswrap हिन्दुस्तान, गोरखपुरThu, 1 May 2025 04:36 AM
share Share
Follow Us on
महिला को बंधक बना नकदी व गहने लूटे

गगहा, हिन्दुस्तान संवाद। गगहा थाना क्षेत्र के असवनपार पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर मंगलवार की रात महिला को बंधक बनाकर लूटपाट का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि चार बदमाश उसके घर में छत के रास्ते घुसे और कनपटी पर तमंचा सटाकर चाबी ले ली और फिर गहने-नकदी लेकर फरार हो गए। इस दौरान महिला के हाथ-पैर को भी बांध दिया गया था, जिसे बदमाशों ने जाते समय खोल दिया था। घटना की सूचना पर एसपी साउथ फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने घटना को संदिग्ध बताया है।

जानकारी के मुताबिक, असवनपार निवासी ब्रम्हानंद ओझा मुंबई में नौकरी करते हैं। उनके दो बेटे बेंगलुरु में रहते हैं। घर में ब्रम्हानंद की पत्नी वंदना देवी अकेले रहती हैं। वंदना देवी मंगलवार की रात को घर में पड़ोस के पांच वर्षीय बच्चे को लेकर सोई थीं। रात करीब बारह बजे चार बदमाश घर के बगल में बने शौचालय की छत पर चढ़ कर घर में दाखिल हो गए। आवाज सुनकर वंदना देवी की नींद खुल गई। इस दौरान बदमाशों ने महिला की कनपटी पर तमंचा लगा दिया और कमरे की चाबी मांगने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने गमछे से महिला के हाथ-पैर तख्त में बांध दिए और ताकिये के नीचे रखी चाबी ले ली। बदमाशों ने दो कमरे का ताला खोला और बॉक्स तोड़कर अंगूठी, मांग टीका मंगलसूत्र, चेन कानफूल, टप्स, पायल, पाव जेब, चार हजार नकदी व नईं साड़ियां समेट ले गए। जाने से पहले बदमाशों ने महिला के हाथ पैर खोलकर अपना गमछा ले लिया और दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। बदमाशों के जाने के बाद महिला ने खिड़की के रास्ते पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी और स्थानीय पुलिस चौकी पर जाकर सूचना दी। इन वजहों से पुलिस को संदेह महिला के सिर पर तमंचा सटाना और फिर हाथ-पैर बांध देना और जाते समय गमछा खोलकर ले जाना जैसे सवाल की वजह से ही पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। पुलिस ने महिला से भी यह सवाल किया कि जब बदमाशों ने तमंचा सटा दिया तो फिर हाथ-पैर क्यों बांधा, जबकि चाबी उन्हें मिल गई थी। फिर जाते समय एक गमछे के लिए हाथ-पैर भी खोल दिए, जबकि उन्हें मालूम था कि महिला शोर मचाएगी। ऐसे कई सवाल है, जिसकी वजह से पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। ....... महिला को बंधक बनाकर गहने और सामान ले जाने की सूचना पर पुलिस गई थी। शुरुआती जांच में घटना संदिग्ध लग रही है। मामले की जांच की जा रही है। जितेंद्र कुमार, एसपी साउथ

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।