Lack of basic facilities in Aasra Colony, who knows the pain of the residents here आसरा कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, यहां के बाशिंदों का कौन जाने दर्द, Hathras Hindi News - Hindustan
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़हाथरसLack of basic facilities in Aasra Colony, who knows the pain of the residents here

आसरा कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, यहां के बाशिंदों का कौन जाने दर्द

शहर के ढकपुरा रोड स्थित दस साल पहले बनी आसरा कॉलोनी में आज भी भूलभूत सुविधाओं की कमी है। विद्युत आपूर्ति से लेकर पेयजल संकट का लोगों को सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी में साफ-सफाई की स्थिति भी ज्यादा अच्छी नहीं है। महीने में कभी-कभी सफाई कर्मचारी आ जाते हैं तो साफ-सफाई हो जाती है।

Sunil Kumar लाइव हिन्दुस्तानMon, 14 April 2025 06:20 PM
share Share
Follow Us on
आसरा कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, यहां के बाशिंदों का कौन जाने दर्द

पेयजल संकट की समस्या दूर कराए जाने और विद्युत आपूर्ति मुहैया कराए जाने को लेकर आसरा कॉलोनी के लोगों द्वारा कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से पत्र के माध्यम से गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन इसके बाद भी आजतक लोगों की कोई समस्या का समाधान नहीं हुआ।

शहर के ढकपुरा रोड पर लगभग दस साल पहले आसरा कॉलोनी का निर्माण हुआ था। इस कॉलोनी में 60 आवास बने हुए हैं। जिसमें लगभग 400 लोग रहते हैं, लेकिन दस साल बाद भी कॉलोनी में मूलभूत सुविधाएं नहीं पहुंच सकी। जिसके चलते यहां रहने वाले लोगों को काफी ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हिन्दुस्तान के अभियान ‘बोले हाथरस’ के तहत सोमवार को हिन्दुस्तान टीम से बात करते हुए लोगों ने अपना दर्द साझा किया। आसरा कॉलोनी निवासी महेंद्र और इसरार ने बताया कि दस साल पहले कॉलोनी बनी थी, लेकिन आजतक कॉलोनी में बिजली नहीं पहुंची। बिना बिजली के यहां रहना काफी मुश्किल है। रात के समय में काफी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। बिजली कनेक्शन दिए जाने को लेकर कॉलोनी के लोगों द्वारा विद्युत विभाग में आवेदन किए जाने के साथ ही अधिकारियों से भी गुहार लगाई, लेकिन आजतक कोई सुनवाई नहीं हुई। मंजू और नीतू ने बताया कि कॉलोनी में पेयजल संकट की काफी ज्यादा गंभीर समस्या है। बिना पानी के घर के कोई काम नहीं हो पाते हैं। नगर पालिका की पेयजल लाइन का कनेक्शन हैं, लेकिन यह नल कभी भी कभी आते हैं। जिसके चलते पीने से लेकर घर के काम-काज के लिए पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। कई-कई दिनों तक नल नहीं आने की वजह से परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती है । कई बार अधिकारियों से पत्र के माध्यम से कॉलोनी में हैंडपंप लगवाए जाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन इसके बाद भी आजतक कोई नल नहीं लगवाया गया। गर्मियों के दिनों में तो पानी को लेकर बनी समस्या और ज्यादा बढ़ जाती है। कालिया और पप्पू ने बताया कि कॉलोनी में साफ-सफाई के लिए कोई कर्मचारी की तैनाती नहीं है। जिसके चलते गंदगी की समस्या बनी रहती है। कई-कई दिनों तक सफाई कर्मचारी नहीं आते हैं। महीने में इक्का-दुक्का बार सफाई कर्मचारी आते हैं और कॉलोनी की सफाई कर जाते हैं।

60 आवास में 400 लोग निवास करते हैं

शहर के ढकपुरा रोड स्थित आसरा कॉलोनी का दस साल पहले निर्माण हुआ था। इस कॉलोनी लगभग 400 लोग रहते हैं। यह सभी लोग मेहनत मजदूरी कर अपना और अपने परिवार भरण पोषण करते हैं, लेकिन बदहाली में जीवन जीने को मजबूर इन लोगों की सुध लेना वाला कोई नहीं है। पेयजल से लेकर बिजली संकट की समस्या का इन लोगों को सामना करना पड़ रहा है।

भीषण गर्मी में बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग

आसरा कॉलोनी में पेयजल संकट की गंभीर समस्या है। कॉलोनी में पहले से ही कोई भी हैंडपंप नहीं लगा हुआ है। कॉलोनी के बाहर लगा एक मात्र हैंडपंप कई सालों से खराब पड़ा है। नगर पालिका की पेयजल लाइन का जरुर कॉलोनी में कनेक्शन हैं, लेकिन इसके बाद भी कॉलोनी में पेयजल संकट की समस्या बनी हुई है। नगर पालिका के नलों से कभी पानी आता है तो कभी पानी नहीं आता है। जिसके चलते भीषण गर्मी में लोगों की पेयजल संकट को लेकर बनी परेशानी और ज्यादा बढ़ गई है।

बिना बिजली अंधेरी रात कैसे कटें:

आसरा कॉलोनी के बाशिंदों का पेयजल संकट के अलावा बिजली संकट की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी को बने हुए दस साल गुजरने के बाद भी आजतक विद्युत विभाग कॉलोनी के लोगों को विद्युत कनेक्शन नहीं दे सका है। ऐसे में कॉलोनी में रहने वाले 60 परिवार के लगभग 400 सदस्य बिना बिजली के अंधेरी रात में रहने के लिए मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि बिजली कनेक्शन दिए जाने का लेकर उनके द्वारा कई बार विद्युत विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से पत्र के माध्यम से गुहार लगाई, लेकिन इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई।

नियमित नहीं होती कॉलोनी में सफाई

आसरा कॉलोनी के बाशिंदों को गंदगी की समस्या से भी दो-चार होना पड़ रहा है। इसकी मुख्य वजह है कि प्रतिदिन कॉलोनी में साफ-सफाई न होना। कॉलोनी में जगह-जगह कूड़े-कचरे के ढेर लगे हुए हैं तो नालियां कूड़े-कचरे से अटी पड़ी हैं। लोगों का कहना है कि प्रतिदिन सफाई कर्मचारी नहीं आते हैं, हालांकि महीने में इक्का-दुक्कार बार सफाई कर्मचारी आते हैं और कॉलोनी की सफाई कर जाते हैं।

कई बार अधिकारियों से लगाई गुहार, नहीं हुआ समाधान

आसरा कॉलोनी में सालों से चली आ रही गंदगी, पेयजल और बिजली संकट की समस्या के समाधान के लिए लोगों द्वारा कई बार शासन-प्रशासन से पत्र के माध्यम से गुहार लगाई जा चुकी है। बिजली कनेक्शन दिए जाने और कॉलोनी में विद्युत लाइन खिंचवाए जाने को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की जा चुकी है, लेकिन इसके बाद भी आजतक उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। यहीं वजह है कि सुनवाई नहीं होने की वजह से आज भी लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

शिकायत और सुझाव:

कॉलोनी की देख-रेख नहीं होती है।

देख-रेख के अभाव में आवास जर्जर होते जा रहे हैं।

कॉलोनी में कोई भी हैंडपंप नहीं है।

कॉलोनी में पेयजल की गंभीर समस्या है।

कॉलोनी में विद्युत आपूर्ति की लाइन नहीं।

लोगों को विद्युत कनेक्शन नहीं दिए गए।

प्रतिदिन सफाई कर्मचारी नहीं आते हैं।

सुझाव:

कॉलोनी की देख-रेख होनी चाहिए।

जर्जर होते जा रहे आवास की मरम्मत कराई जानी चाहिए।

पेयजल संकट की समस्या को दूर कराया जाए।

कॉलोनी में कम से कम दो हैंडपंप लगवाया जाए।

कॉलोनी में विद्युत लाइन खिंचवाई जाए।

लोगों को विद्युत कनेक्शन दिया जाए।

सफाई कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाए।

लोगों के बोल:

लगभग दस साल पहले कॉलोनी बनी थी। 60 परिवार के 400 लोग कॉलोनी में रह रहे हैं, लेकिन कॉलोनी में बिजली से लेकर पेयजल की गंभीर समस्या है।

हरीबाबू।

-

कॉलोनी में पेयजल की गंभीर समसया है। नगर पालिका के नल से कभी पानी आता है तो कभी पानी नहीं आता है। गर्मी में बूंद-बूंद पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।

करन।

-

कॉलोनी में बिजली की लाइन नहीं है। कई बार बिजली लाइन खिंचवाए जाने को लेकर अधिकारियों से पत्र के माध्यम से गुहार भी लगाई जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

हरी किशन।

-

कॉलोनी में बने आवास की देख-रेख की कोई व्यवस्था नहीं है। जिसके चलते दिन पर दिन आवास जर्जर होते जा रहे हैं। आवासों का सीमेंट उखड़-उखड़ कर गिर रहा है।

सलीम।

-

बिजली नहीं होने की वजह से रात में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार विद्युत कनेक्शन दिए जाने को लेकर अधिकारियों को पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया।

संजय।

-

कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी है। जिसके चलते लोगों को काफी ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सभी समस्याओं को दूर कराया जाए।

पंडित।

-

कई सालों से कॉलोनी में पेयजल संकट की समस्या बनी हुई है। नगर पालिका के नलों से कभी पानी आता है तो कभी नहीं। कॉलोनी में कोई भी हैंडपंप नहीं लगा हुआ है।

रजिया।

-

कॉलोनी में बने कई आवास खाली पड़े हुए हैं। जिसके चलते यह आवास दिन पर दिन जर्जर होते जा रहे हैं। इन आवासों का लाभार्थियों को आवंटन कर देना चाहिए।

आमिर।

-

कॉलोनी में कोई भी हैंडपंप नहीं लगा हुआ है। जिसके चलते पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। गर्मियों में बूंद-बूंद पानी के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

आरती।

-

कई साल पहले कॉलोनी बनी थी, लेकिन आज भी कॉलोनी में सुविधाओं की कमी है। पेयजल से लेकर बिजली की गंभीर समस्या है। समस्याओं का निदान होना चाहिए।

नफीसा।

-

कॉलोनी में प्रतिदिन सफाई नहीं होती है। जिसके चलते गंदगी और जलभराव बना रहता है। बारिश के दिनों में नाली चोक होने की वजह से जलभराव की समस्या बनी रहती है।

प्रवीन।

-

कॉलोनी में बिजली की लाइन नहीं है। बिजली नहीं होने की वजह से रात में काफी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। बिजली कनेक्शन के लिए कई बार आवेदन किया।

नजरीना।

-

कॉलोनी में पहले से ही पेयजल संकट की गंभीर समस्या है, गर्मी आने के साथ ही यह परेशानी और ज्यादा बढ़ गई है। एक मात्र हैंडपंप लगा हुआ था वह भी कई सालों से खराब है।

फरजाना।

-

प्रतिदिन साफ-सफाई नहीं होने की वजह से गंदगी बनी रहती है। गंदगी की वजह से मच्छर पनप रहे हैं। मच्छरों की वजह से बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है।

चंदू।

-

कॉलोनी में बने कई आवास का आवंटन नहीं हुआ। जिसके चलते आवास जर्जर होते जा रहे हैं। खाली पड़े आवासों का लाभार्थियों को आवंटन कर देना चाहिए।

फरजाना।

-

पेयजल और बिजली की गंभीर समस्या है। कॉलोनी में कोई भी हैंडपंप नहीं लगा हुआ है। बिजली की लाइन नहीं होने की वजह से बिना बिजली के रहने के लिए लोग मजबूर हैं।

रुखसार।

-

जिम्मेदार के बोल:

आसरा कॉलोनी के लोगों की जो भी समस्या हैं। इस बारे में जानकारी की जाएगी। जानकारी सभी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।

रोहित कुमार सिंह, ईओ, नगर पालिका परिषद, हाथरस।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।