मऊ में चुनाव की नौबत आती है तो...अब्बास अंसारी केस में ओपी राजभर की दो टूक; जानें क्या बोले
इस मामले में यूपी विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे ने रविवार को अधिसूचना जारी कर दी थी। साफ है कि मऊ में जल्द ही विधानसभा उपचुनाव कराए जाएंगे। इसके लिए ओमप्रकाश राजभर ने अभी से अपना दांव चल दिया है। उन्होंने कल ही अपना रुख साफ करते हुए कह दिया था कि अब्बास अंसारी के लिए वह हाई कोर्ट जाएंगे।

हेट स्पीच केस में सजा सुनाए जाने के बाद विधायकी गंवाने वाले अब्बास अंसारी को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने दो टूक कहा है कि पार्टी इस मामले में हाईकोर्ट तक जाएगी। राजभर ने सोमवार को दोहराया कि मऊ सुभासपा की सीट है। पार्टी अपना सिंबल बचाने के लिए हाई कोर्ट तक जाएगी। अगर चुनाव लड़ने की बात आती है तो पार्टी एनडीए के शीर्ष नेतृत्व से बात करके अपने सिंबल पर उम्मीदवार उतारेगी।
बता दें कि अदालत ने नफरती भाषण मामले में शनिवार को मुख्तार अंसारी के बेटे सदर विधायक अब्बास अंसारी और उनके चाचा मंसूर अंसारी को दोषी करार दिया था। कोर्ट ने दोनों दोषियों को क्रमश: दो साल और छह महीने की सजा सुनाई थी। उन पर 11 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। इस कारण उनकी विधानसभा सदस्यता स्वत: समाप्त हो गई है। फैसला आते ही अब्बास अंसारी को कस्टडी में ले लिया गया। बाद में वे 20 हजार रुपये के मुचलके पर रिहा हो गए। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में अब्बास सुभासपा के प्रत्याशी थे। तीन मार्च, 2022 को पहाड़पुरा की जनसभा में उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सबक सिखाने की धमकी दी थी। एसआई गंगाराम बिंद की तहरीर पर मामले में अब्बास अंसारी , उनके भाई उमर अंसारी, चाचा मंसूर अंसारी समेत कई लोगों पर केस दर्ज हुआ था। इस बीच, चुनाव जीतकर अब्बास अंसारी विधायक बन गए थे।
इस मामले में यूपी विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे ने रविवार को अधिसूचना जारी कर दी थी। साफ है कि मऊ में जल्द ही विधानसभा उपचुनाव कराए जाएंगे। इसके लिए ओमप्रकाश राजभर ने अभी से अपना दांव चल दिया है। हालांकि उन्होंने कल ही अपना रुख साफ करते हुए कह दिया था कि अब्बास अंसारी के लिए वह हाई कोर्ट जाएंगे।
सीधे जनता से हो ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव
पंचायत चुनाव पर राजभर ने कहा कि सुभासपा चाहती है कि ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव सीधे जनता से हो। इस संबंध में पार्टी ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी मांग रखी है।
10 जून को विजय दिवस मनाएगी सुभासपा
सुभासपा 10 जून को बहराइच में विजय दिवस मनाएगी। यह आयोजन महाराजा सुहेलदेव राजभर के सम्मान में होगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विजय दिवस के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि बहराइच में शौर्य मेले का भी आयोजन होगा।
सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सुहेलदेव का इतिहास मिटाने का प्रयास नहीं किया? कांग्रेस बताए कि उसने क्यों सुहेलदेव की शौर्य गाथाओं को इतिहास की किताबों से दूर रखा? सपा ने क्यों आक्रांता सालार मसूद गाजी की याद में मेला लगवाया? ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि इन पार्टियों ने अपने वोटबैंक के लिए ऐसा किया जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुहेलदेव को सम्मान दिया। बहराइच में उनकी मूर्ति लगवाई, उनका डाक टिकट भी जारी किया।