खड्डा की होनहार बेटी नौ सेना में बनी सब लेफ्टिनेंट
Kushinagar News - कुशीनगर की नव्या राज श्रीवास्तव ने भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट बनकर गांव का नाम रोशन किया है। केरल के कोच्चि में पासिंग आउट परेड में उन्हें यह प्रतिष्ठित पद मिला। उनके माता-पिता ने गर्व के साथ...

कुशीनगर। कुशीनगर के खड्डा तहसील के ग्राम सभा सारंग छपरा निवासी संजय श्रीवास्तव की होनहार बेटी नव्या राज श्रीवास्तव ने भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट बनकर गांव समेत क्षेत्र का नाम रोशन किया है। केरल के कोच्ची में आयोजित पासिंग आउट परेड में उन्हें यह प्रतिष्ठित पद प्राप्त हुई है। उसके माता-पिता ने वहां पहुंच कर होनहार बेटी के कंधे पर स्टार लगाया तो सबकी आंखों से खुशी के आंसू निकल पड़े। नव्या राज श्रीवास्तव की प्रारंभिक शिक्षा गोरखपुर के गोरखनाथ स्थित जीएन नेशनल पब्लिक स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने बीटेक की डिग्री भारतीय विद्यापीठ पुणे (महाराष्ट्र) से प्राप्त की।
पिता संजय श्रीवास्तव आईपीएल ग्रुप सिसवा में एचआर एवं प्रशासन विभाग में सहायक प्रबंधक है। माता सुषमा श्रीवास्तव गृहिणी हैं। बड़ी बहन खड्डा क्षेत्र में चिकित्सा अधिकारी है। छोटी बहन फैशन डिजाइनर के रूप में गांधीनगर (गुजरात) में कार्यरत है। छोटा भाई मर्चेंट नेवी में इंजीनियर है। इसके पहले वह भारत सरकार के कृषि मंत्रालय नई दिल्ली में इंजीनियर (एआई) के पद पर कार्यरत थी। 2024 में नौसेना चयन में सफलता प्राप्त कर प्रशिक्षण के लिए कोच्ची गई थी। उसकी सफलता पर कुशीनगर सांसद विजय कुमार दुबे, खड्डा विधायक विवेकानन्द पाण्डेय, चेयरमैन प्रतिनिधि दुर्गेश वर्मा, पूर्व चेयरमैन डॉ. निलेश मिश्रा, प्रधानाचार्य शिवकिशोर श्रीवास्तव, पिंटू मोदनवाल, ओमप्रकाश, संदीप श्रीवास्तव, आनंद, हिमांशु, अंकुर आदि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुये शुभकामनाएं दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।