मार्ग दुर्घटना में लेखपाल की मौत होने पर शोक
Kushinagar News - कुशीनगर में लेखपाल अर्जुन कुशवाहा का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया, जिससे राजस्व विभाग में शोक की लहर है। थाना दिवस कार्यक्रम के दौरान सभी लेखपालों ने मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। अर्जुन कुशवाहा एक कुशल...

कुशीनगर। लेखपाल अर्जुन कुशवाहा के मार्ग दुर्घटना में असामयिक निधन से राजस्व विभाग में शोक की लहर व्याप्त है। शनिवार को जनपद के थाना परिसर में आयोजित थाना दिवस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लेखपालों ने दो मिनट का मौनधारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। थाना पटहेरवा परिसर में आयोजित थाना दिवस में श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते लेखपाल संघ तमकुहीराज के पूर्व मंत्री रजनीश उपाध्याय ने कहा कि अर्जुन कुशवाहा एक कुशल, कर्तव्यनिष्ठ और संवेदनशील राजस्व कर्मी थे। उनके निधन से विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने बताया कि थाना दिवस के मौके पर जनपद भर के थाना परिसरों में उपस्थित सभी लेखपालों ने एक साथ मौन धारण कर मृतक साथी को श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान लेखपाल संघ तमकुहीराज के पूर्व अध्यक्ष शैलेश मिश्र, लेखपाल राणा, लेखपाल राजीव भारती, लेखपाल कुमारी प्रियंका त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के नोनियापट्टी-पटहेरवा मार्ग स्थित ठाकुर चौराहे के समीप गुरुवार की दोपहर दर्दनाक हादसा हुआ। तुर्कपट्टी की ओर से तमकुहीराज जा रहे बाइक सवार लेखपाल अर्जुन कुशवाहा को पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्जुन कुशवाहा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही तुर्कपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को अपने कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार तथा राजस्व विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। इस दुर्घटना की खबर से तहसील तमकुहीराज सहित पूरे राजस्व विभाग में गहरा शोक छा गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।