जिले को बाढ़ से बचाने की योजना पर काम शुरू, जल शक्ति मंत्री ने किया शिलान्यास
Lakhimpur-khiri News - जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शारदा नदी के पलिया रेलवे पुल-97 पर ₹22.23 करोड़ के चैनलाइजेशन कार्य का भूमि पूजन किया। उन्होंने 48 परियोजनाओं का लोकार्पण और 20 का शिलान्यास किया। मंत्री ने कहा कि...

जिले को बाढ़ की आफत से बचाने के लिए शारदा नदी के पलिया रेलवे पुल-97 पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने ₹22.23 करोड़ की लागत से होने वाले चैनलाइजेशन कार्य का पूरे विधि विधान से भूमि पूजन किया। उन्होंने 48 परियोजनाओं का लोकार्पण और 20 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। मंत्री ने नदी तट पर फीता काटकर कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर मंत्री ने विधायक रोमी साहनी, आयुक्त डॉ रोशन जैकब, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार व सिंचाई विभाग के अफसरों के साथ नदी किनारे हवन पूजन भी किया। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अभियंता शारदा-बरेली एचएन सिंह ने कार्यक्रम की आवश्यकता एवं प्रासंगिकता बताई। इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सीएम क्षेत्र के लोगों की चिंता कर रहे हैं। उन्होंने ही बाढ़ से निजात दिलाने के लिए ड्रेजिंग और बाढ़ बचाव कार्यों को स्वीकृति दी और इसे जमीन पर साकार करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि संवेदनशील और अति संवेदनशील जिलों में बाढ़ नियंत्रण पर किए गए कार्यों से कटान कम हुआ है, जिससे खेती और मकान सुरक्षित हुए हैं। ड्रेजिंग कार्य पूरा होने के बाद शारदा नदी का प्रवाह सुचारू होगा, जिससे आसपास के इलाकों में जलभराव की समस्या कम होगी और कृषि कार्यों में सुधार आएगा। उन्होंने यह भी बताया कि ड्रेजिंग से निकली मिट्टी, मोरंग और बालू से दोनों किनारों पर मजबूत तटबंध बनाए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि सरकार केवल बाढ़ से राहत ही नहीं दे रही, बल्कि सिंचाई सुविधाओं का भी विस्तार कर रही है, जिससे किसानों की भूमि सिंचन क्षमता बढ़े और उनकी आमदनी में इजाफा हो। शारदा नदी पर कार्यक्रम के समापन होने के बाद जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला भाजपा विधायक रोमी साहनी के आवास पर पहुंचा। उन्होंने कहा कि विधायक रोमी साहनी भी लगातार बाढ़ को लेकर चिंतित रहते हैं और उन्हीं के प्रयास से अब जल्द क्षेत्र को बाढ़ से राहत भी मिलेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।