लखनऊ में धोनी को देखने उमड़ी भीड़, इकाना के बाहर लग गया जाम
Lucknow News - इकाना स्टेडियम के बाहर धोनी के प्रशंसकों की भीड़ उमड़ी। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की झलक पाने के लिए युवा बेताब थे। बस की रवानगी के दौरान सुरक्षा कड़ी थी। धोनी की पहचान होते ही...

धोनी....धोनी...धोनी की आवाज से इकाना स्टेडियम के बाहर का इलाका गूंज रहा था। प्रशंसक अपने फेवरेट खिलाड़ी को आवाज लगा रहे थे। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की झलक पाने को क्रिकेट प्रेमी बेताब दिखे। मोबाइल से धोनी की फोटो खींचने के लिए युवा बस के दोनों तरफ खड़े रहे। यह नजारा इकाना स्टेडियम के बाहर रविवार की शाम को तब दिखा, जब चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अभ्यास के लिए पहुंची। स्टेडियम के बाहर धोनी के प्रशंसकों की भीड़ बस के आस-पास जमा हो गई। रेंगती हुई बस स्टेडियम की तरफ बढ़ रही थी। बस के दोनों तरफ सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस के पीछे क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ भी बस के साथ दौड़ रही थी। सभी धोनी को आवाज लगा रहे थे। बस के अंदर से खिलाड़ी बाहर भीड़ देख कर दंग हो रहे थे। जैसे ही भीड़ को धोनी की झलक नजर आई, धोनी-धोनी का शोर मचने लगा। खासी मशक्कत के बाद धोनी अपनी टीम के साथ स्टेडियम में पहुंचे।
धोनी के चलते इकाना स्टेडियम में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अभ्यास सत्र के दौरान मैदान पर सुरक्षा जवान नजर आए। धोनी के स्टेडियम के अंदर जाने के बाद बाहर सड़क पर जाम लग गया। तकरीबन एक घंटे तक कई गाड़ियां यहां फंसी रहीं। टीम की रवानगी के बाद भी यहां एक बार फिर जाम लग गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।