पुरवा ने बढ़ा दी बेचैनी, रात का पारा 29.4 डिग्री पहुंचा
Lucknow News - लखनऊ में रविवार-सोमवार की रात गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। रात का तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में बदलाव की संभावना है, और बुधवार से तेज हवाओं के साथ...

दिन तो जैसे-तैसे गर्मी में कट जाता है लेकिन रात में उमस बढ़ने से पंखे-कूलर भी राहत नहीं दे पाते। रविवार-सोमवार की रात सीजन की सबसे अधिक तापमान वाली रही। रात का पारा सामान्य से 4.1 डिग्री ऊपर 29.4 दर्ज किया गया। दिन में यही पुरवा तपिश को काबू में रखे रही। इसकी वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री लुढ़क गया। यह 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बंगाल की खाड़ी के ऊपर और हरियाणा, पंजाब, राजस्थान के ऊपर दो चक्रवाती हवा की स्थितियां बनी हुई हैं। इस वजह से एक सप्ताह से लखनऊ समेत प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम बदला हुआ है।
अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार पश्चिम से लेकर प्रदेश के पूर्वी हिस्से तक एक ट्रफ बना हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान इस स्थिति को पुरवा से ताकत ज्यादा मिलने लगी। इससे हवा में नमी की मात्रा और बढ़ गई, जो 73 फीसदी तक पहुंची। नतीजतन रविवार-सोमवार की रात हवा में तो शीतलता थी लेकिन घरों के भीतर उमस से लोग बेहाल रहे। पसीना सूखने का नाम नहीं ले रहा था। सुबह तक यही स्थिति बनी रही। वहीं, दिन में कई बार आसमान में बादलों की हल्की परत छाने की वजह से तपिश से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ में बुधवार से मौसम बदलने का पूर्वानुमान है। उसके बाद दो से तीन दिन तक तेज हवाओं के साथ बौछार पड़ने की स्थितियां बनेंगी। इसकी वजह यह होगी कि मौजूदा चक्रवाती स्थिति को अरब सागर से उठने वाले साइक्लोन के कम हवा के दबाव का क्षेत्र बनेगा। इससे मौजूदा चक्रवाती स्थिति को और ज्यादा ताकत मिल जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।