प्रदेश में आज से विशेष मृदा नमूना संकलन अभियान चलेगा
Lucknow News - लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। कल पांच मई से प्रदेश भर में विशेष मृदा नमूना संकलन अभियान

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता कल पांच मई से प्रदेश भर में विशेष मृदा नमूना संकलन अभियान चलाया जाएगा। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने रविवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इससे मृदा (मिट्टी) के स्वास्थ्य को सुधारने के लिए बेहतर रणनीति बनाई जा सकेगी और किसानों को उनकी मृदा के स्वास्थ्य के विषय में उपयुक्त जानकारी दी जा सकेगी। इन संकलित नमूनों की समस्त जानकारी मृदा स्वास्थ्य पोर्टल https://soilhealth.dac.gov.in पर उपलब्ध है। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2015 में प्रारम्भ मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के तहत प्रदेश की 16,520 ग्राम पंचायतों इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया था।
वर्ष 2023 में 4,850 एवं 2024 में 8,260 ग्राम पंचायतों में निःशुल्क मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। अब शेष 16,520 पंचायतों से नमूना संग्रह कर 2025 में पूरा किया जाएगा। प्रत्येक पंचायत से 100 नमूने लिए जाएंगे। कृषि मंत्री ने कहा कि इस वर्ष खरीफ सीजन में 11,564 ग्राम पंचायतों से 11.56 लाख नमूने तथा रबी सीजन में 4,956 ग्राम पंचायतों से 4.96 लाख नमूने संग्रहित किए जाएंगे। इस काम में कल से 7,500 क्षेत्रीय कृषि प्रसार कर्मी, 1,000 प्रयोगशाला कर्मी एवं 7,684 प्रशिक्षित कृषि सखियों को सम्मिलित किया गया है। कृषि सखियों को प्रति नमूना ₹15 रुपये मानदेय प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब तक 21, 25 एवं 29 अप्रैल को तीन विशेष अभियानों के माध्यम से 3.60 लाख नमूने एकत्र कर प्रयोगशालाओं में भेजे जा चुके हैं। यह भी कहा कि 5 मई के विशेष अभियान में प्रत्येक जिले में कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में कृषि प्रसारकर्मी, प्रयोगशाला अधिकारी एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक समन्वित रूप से नमूना संकलन करेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।