गर्म हवाओं के साथ चढ़ा पारा तो झुलस गया लोगों का बदन
Mainpuri News - मैनपुरी में आसमान से आग बरसने का सिलसिला फिर से शुरू हो गया है। दोपहर 1 से 3 बजे तक बाजारों में सन्नाटा था। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। गर्मी की वजह से किसानों को गेहूं की कटाई में...

मैनपुरी। आसमान से आग बरसने का सिलसिला फिर से शुरू हो गया है। सहालग का सीजन है फिर भी दोपहर एक से 3 बजे तक शहर के बाजारों में सन्नाटे जैसा आलम नजर आया। भीषण गर्मी अभी से ही लोगों को परेशान करने लगी है। मई, जून में क्या हाल होगा इसकी चर्चाएं लोग करने लगे हैं। खलिहानों में गेहूं की कटाई आसमानी तपिश से प्रभावित हो रही है। वहीं तापमान का स्तर हर रोज बढ़ रहा है। गुरुवार को जिले का तापमान अधिकतम 41 डिग्री सेल्सियस था जो शुक्रवार को 42 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इन दिनों शादियां चल रही हैं। जिनके घरों में शादियां हैं वे जरूरत की वस्तुएं खरीदने बाजारों में पहुंच रहे हैं। लेकिन दोपहर में बाजारों में सन्नाटा फैल जाता है। शुक्रवार को सदर बाजार में सन्नाटा था। दुकानदार भी ग्राहकों का इंतजार करते नजर आए। लेकिन शाम 4 बजे के बाद बाजारों में भीड़ पहुंच गई। बाजारों में हथठेले वाले तथा अन्य सामान बेचने वाले सड़कों पर चिलचिलाती धूप में परेशान नजर आए। कस्बा और ग्रामीण क्षेत्रों में भी गर्मी का असर साफ नजर आया। शहर के राधारमन रोड, कचहरी रोड और बाईपास मार्ग पर दोपहर के समय बरसती आसमानी आग ने लोगों के बदन झुलसाने का काम किया। पिछले दो-तीन दिन से चल रही गर्म हवाओं की रफ्तार भी बढ़ गई है।
खलिहान में पसीने से तरबतर किसान, मजदूर
इन दिनों खलिहानों में गेहूं की कटाई का काम तेजी से चल रहा है। मौसम कहीं बिगड़ न जाए इसकी आशंका के चलते दिन-रात कटाई हो रही है। लेकिन शुक्रवार को आसमान से आग बरसी तो दोपहर के समय कटाई रोकनी पड़ गई। किसान और मजदूर दोनों ही कटाई के दौरान पसीने से तरबतर तो दिखे ही साथ ही गर्मी को देखकर कहने लगे कि अब और काम नहीं हो पाएगा। शाम को 6 बजे के बाद फिर से कटाई किसानों ने शुरू की।
गर्मी से बचने के लिए इस पर अमल करें-
- दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बाजार में न निकलें
- घर से निकलें तो बदन ढककर निकलें, सूती कपड़े पहनें
- दिन में 5 से 6 लीटर स्वच्छ और ताजा पीन पीते रहें
- गर्मी में सलाद खूब खाएं, खीरा, पपीता फायदा करेगा
- अत्यधिक ठंडे पदार्थों के सेवन से दूरी बना लें
- बेल का जूस, गन्ने का रस ताजा साफ-सुथरा पीएं
- बाइक पर हेलमेट लगाकर चलें
- जरूरी काम से पैदल निकलें तो छाता लगा लें
- बाइक पर लंबा सफर बीच-बीच में रुककर पूरा करें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।