वन नेशन वन इलेक्शन से देश बनेगा विकसित राष्ट्र: एके शर्मा
Mau News - मऊ में भाजयुमो द्वारा आयोजित वन नेशन वन इलेक्शन कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने 31.57 करोड़ रुपये के 154 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह विधान देश को विकसित...

मऊ। वन नेशन वन इलेक्शन कार्यक्रम का आयोजन भाजयुमो के तत्वावधान में रविवार को पालिका कम्युनिटी हाल में किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि नगर विकास मंत्री एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने नगर विकास के लिए 31.57 करोड़ रुपये के 154 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन का विधान देश को समृद्ध बनाकर भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में मदद करेगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रहित और देशवासियों के हित में वन नेशन वन इलेक्शन का विधान देश में लागू करने के लिए संकल्पित हैं।
लेकिन विपक्ष को रास नहीं आ रहा है। कहा कि देश में एक साथ चुनाव होने से विकास प्रक्रिया को गति मिलेगी साथ ही साथ आपसी सौहार्द, भाईचारा, समरसता और सामाजिक एकता को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं इससे लोकतंत्र और मजबूत होगा। कहा कि मतदाताओं की रुचि बार-बार चुनाव होने से मतदान में कम हो रही है। कहा कि देश के संसाधनों, धन, समय को बचाने और राष्ट्र प्रथम की भावना और राष्ट्रीयता को मजबूत करने के लिए एक राष्ट्र-एक चुनाव आवश्यक है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत देश अपने पुराने वैभव, गौरव और समृद्धि को पुन: प्राप्त करने की ओर अग्रसर है। कैबिनेट मंत्री ने अपील किया कि वन नेशन वन इलेक्शन के विधान को देश में लागू कराने के लिए अपना समर्थन प्रदान करें। कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रहित और देशवासियों के हित में वन नेशन वन इलेक्शन का विधान देश में लागू करना चाहते हैं, लेकिन विपक्षियों को इसमें भी आपत्ति है। देश में वन नेशन वन इलेक्शन का विधान लागू होने से लोकसभा, सभी राज्यों की विधानसभाओं तथा स्थानीय निकायों के चुनाव एक साथ हो सकेंगे। कहा कि देश में अलग-अलग चुनाव होने से बहुत सारा पैसा, संसाधन और समय जो खर्च होता है, वह बचेगा। कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव से नक्सलवाद, आतंकवाद और क्षेत्रीयता की भावना खत्म होगी। डेढ़ से दो वर्षों में देश की जीडीपी में बढ़ोतरी होगी और 2047 तक हमारा देश समृद्ध होकर एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा। कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य, भाजयुमो जिलाध्यक्ष हेमंत राय समेत गोरखपुर क्षेत्र के भाजपा युवा मोर्चा पदाधिकारी समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इन नगर पंचायतों में होंगे विकास कार्य मऊ। कैबिनेट मंत्री द्वारा 31.57 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 154 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास के तहत नगर पालिका परिषद के लिए 18.24 करोड़ रुपये से 69 कार्य, नगर पंचायत कोपागंज के लिए 3.91 करोड़ रुपये से 11 कार्य, नगर पंचायत चिरैयाकोट के लिए 1.89 करोड़ रुपये से 7 कार्य, नगर पंचायत मोहम्मदाबाद गोहाना के लिए 7.53 करोड़ रुपये से 67 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि रानीपुर में 100 करोड़ रुपये की लागत का 220 केवीए का नया सबस्टेशन बनाया जा रहा है। वहीं मधुबन तहसील के बिलौरी गांव में 132 केवीए का नया सबस्टेशन बनाया जा रहा, इससे इस क्षेत्र के 15 से 20 गांवों तथा बेल्थरा के गांवों को बिजली मिलेगी। कैबिनेट मंत्री ने छात्र-छात्राओं के प्रश्नों का दिया जवाब मऊ। वन नेशन वन इलेक्शन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के प्रश्नों का जवाब भी दिए। कैबिनेट मंत्री ने छात्र-छात्राओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों का जवाब देते हुए बताया कि भारत देश में 1951-52 से 1967 तक एक राष्ट्र एक चुनाव की व्यवस्था लागू थी। इसके पश्चात लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं के अलग अलग चुनाव होने लगे। वर्ष 1995 से लेकर आज तक देश में कहीं न कहीं पर प्रतिवर्ष चुनाव हो रहे। प्रदेश में ही 2021में पंचायत चुनाव, 2022 में विधानसभा, 2023 में स्थानीय निकाय तथा 2024 में लोकसभा के चुनाव हुए है। अलग-अलग चुनाव होने से विकास कार्य बाधित होते है। जम्मू कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक पश्चिम से लेकर पूर्वोत्तर तक एक राष्ट्र की भावना प्रबल होनी चाहिए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।