रैपिड रेल : अब शताब्दीनगर से बेगमपुल तक ट्रायल की तैयारी
Meerut News - दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर अब मेरठ पर केंद्रित होगा। शताब्दीनगर से बेगमपुल के बीच अंडरग्राउंड नमो भारत और मेरठ मेट्रो का ट्रायल जल्द शुरू होगा। एनसीआरटीसी का दावा है कि जून-2025 तक यात्रा शुरू हो...

मेरठ। दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर पर अब सारा फोकस मेरठ में रहेगा। जल्द ही इस कॉरिडोर पर मेरठ में शताब्दीनगर से बेगमपुल के बीच अंडरग्राउन्ड नमो भारत और मेरठ मेट्रो का ट्रायल होगा। एनसीआरटीसी का दावा है कि जून-2025 तक मेरठ के मोदीपुरम से दिल्ली के सराय काले खां तक सफर होने लगेगा। दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर में सराय काले खां तक नमो भारत का ट्रायल प्रारंभ होने के बाद अब एनसीआरटीसी का फोकस मेरठ में शताब्दीनगर के बाद बेगमपुल है। बेगमपुल मेरठ में नमो भारत का अंडरग्राउन्ड स्टेशन है। शताब्दीनगर से बेगमपुल तक के अंडरग्राउन्ड सेक्शन में निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। उसे फाइनल टच दिया जा रहा है। ट्रायल के लिए बिजली आपूर्ति प्रवाहित करने का काम होगा। उसके बाद शताब्दीनगर से बेगमपुल तक नमो भारत और मेरठ मेट्रो का ट्रायल प्रारंभ कर दिया जाएगा। एनसीआरटीसी के अधिकारी दिल्ली में सराय काले खां तक निर्माण कार्य पूर्ण होने और नमो भारत के ट्रायल प्रारंभ होने को बड़ी सफलता मान रहे हैं। इस कारण अब सारा फोकस मेरठ में रहेगा।
6.5 किलोमीटर का है शताब्दीनगर-बेगमपुल कॉरिडोर
मेरठ में नमो भारत के कुल चार स्टेशन हैं, जिसमें मेरठ साउथ पहला, शताब्दीनगर दूसरा, बेगमपुल तीसरा और मोदीपुरम चौथा स्टेशन है। अब शताब्दीनगर से बेगमपुल के बीच करीब 6.5 किलोमीटर के कॉरिडोर पर ट्रायल होना है। इसकी तैयारी प्रारंभ कर दी गई है।
बेगमपुल पर मिलेंगी दोनों सेवाएं
बेगमपुल मेरठ में एकमात्र अंडरग्राउंड स्टेशन है, जहां से नमो भारत और मेरठ मेट्रो की सुविधा यात्रियों को मिलेगी। इस स्टेशन पर दो-दो ट्रैक बनाए गए हैं, जहां अत्याधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम की मदद से दोनों ट्रेन गुजरेंगी। स्टेशन में सभी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए व आसपास सीसीटीवी कैमरे भी जल्दी लगाए जाएंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।