टेंडर दिलाने के बहाने 23 लाख की धोखाधड़ी
Meerut News - लोहिया नगर के एक स्क्रैप कारोबारी से 23 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है। आरोपियों ने टेंडर दिलाने का झूठा वादा किया और कुछ रकम लौटाई, लेकिन शेष राशि मांगने पर व्यापारी को धमकी मिल रही है। पीड़ित ने...

लोहिया नगर निवासी एक स्क्रैप कारोबारी से टेंडर दिलाने के बहाने कुछ लोगों ने 23 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर दी। मामला खुला तो आरोपियों ने कुछ रकम वापस लौटा दी। अब शेष रकम मांगने पर स्क्रैप कारोबारी को धमकी मिल रही है। पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से मदद की गुहार लगाई है। व्यापारी नेता जीतू नागपाल के नेतृत्व में पुलिस आफिस पहुंचे जामिया रेसीडेंसी निवासी अफरोज खान उर्फ मोनू ने बताया कि हापुड़ के ग्राम मुदाफरार निवासी राजकुमार उर्फ नीलू से उसकी पुरानी जान पहचान है। कुछ समय पहले राजकुमार ने उसे बताया कि मेरठ में एक अस्पताल के ब्लॉक हटाने का टेंडर छूटा है।
अगर वह चाहे तो टेंडर दिला सकता है। यह टेंडर नई दिल्ली की एक कंपनी को मिला है, जिसका संचालन छत्रपाल सिंह और पोप सिंह कर रहे हैं। अफरोज खान का कहना है कि उसने राजकुमार की बात पर भरोसा कर लिया और दोनों से मिलने चला गया। छत्रपाल व पोप सिंह ने बताया कि उनके पास अस्पताल की ईंट निकालने का काम आया है जो उन्हें एक कंपनी से मिला है। अफरोज खान ने बताया कि वह अपने साथी कुलदीप, अनीस व उस्मान को लेकर उक्त साइट पर पहुंचा तो देखा कि वहां पहले से काम चल रहा है। वह समझ गए कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। उन्होंने राजकुमार, छत्रपाल व पोप सिंह से संपर्क किया तो उन्होंने चार लाख रुपये कुलदीप व 5 लाख अफरोज खान के खाते में लौटा दिए। शेष धनराशि क्रमश: 13 लाख, तीन लाख और एक-एक लाख के चेक दे दिए जो बैलेंस न होने के कारण बाउंस हो गए। वह कंपनी के मुंबई दफ्तर तक छानबीन को पहुंच गए तो पता चला कि ऐसा कोई कांट्रेक्ट किसी कंपनी को नहीं दिया गया है। अब आरोपी धमकी दे रहे हैं। मामले की जांच सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार को दी गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।