दोनों शहर काजी का विवाद पुलिस तक पहुंचा
Meerut News - दोनों पक्षों के बीच शहर काजी के विवाद ने पुलिस का ध्यान खींचा है। गुरुवार को एसएसपी कार्यालय में दोनों पक्षों ने जुमे की नमाज के विवाद पर हस्तक्षेप की मांग की। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि कोई विवाद...

दोनों शहर काजी का विवाद अब पुलिस के पास पहुंच गया है। इस मामले में दोनों पक्ष के लोग गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे। यहां पर दोनों पक्ष ने जुमे को होने वाली नमाज को लेकर एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह से हस्तक्षेप करने के लिए कहा। हालांकि पुलिस ने इस मामले में साफ कर दिया कि कोई विवाद हुआ तो पुलिस कार्रवाई करेगी। पुलिस ने दोनों पक्ष से पहले ही 26 लोगों को मुचलका पाबंद किया हुआ है। यूपी मदरसा बोर्ड के पूर्व चेयरमैन और शहर काजी प्रोफेसर जैनुस साजिद्दीन सिद्दीकी का 10 मार्च को इंतकाल हो गया था। इसके बाद उनके बेटे डॉ. जैनुस सालिकीन सिद्दीकी को एक पक्ष के लोगों ने शहर काजी घोषित कर दिया था। इसके बाद दूसरे पक्ष ने कारी शफीकुर्रहमान कासमी को भी शहर काजी घोषित कर दिया। विवाद बढ़ने के बाद बीते शुक्रवार को प्रशासन ने दोनों पक्ष के 13-13 लोगों को 5-5 लाख के मुचलकों से पाबंद किया था।
इसी मामले में गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पर डॉ. जैनुस सालिकीन पक्ष से उनके चाचा नायब शहर काजी जैनुल राशिदीन अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचे थे। इसी दौरान कारी पक्ष से भी उनके बेटे और कुछ लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे। दोनों पक्ष के लोगों ने एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह से अलग अलग मुलाकात की। इस दौरान जुमे को होने वाली नमाज के विवाद में हस्तक्षेप करने के लिए कहा गया। बताया गया कि कुछ लोग विवाद खड़ा कर सकते हैं। एसपी सिटी ने साफ कहा कि इस मामले में आप दोनों पक्ष डीएम मेरठ के पास जाए और बातचीत करें। कोई विवाद नमाज के दौरान किया तो पुलिस कार्रवाई करेगी।
-------------
दोनों शहर काजी पक्ष के लोग आए थे और अलग अलग मुलाकात की थी। दोनों ही पक्ष जुमे की नमाज को लेकर बातचीत करने आए थे। चूंकि हमारे अधिकार क्षेत्र का मामला नहीं है, इसलिए हस्तक्षेप करने से मना कर दिया गया है। हालांकि चेतावनी दी है कि कोई विवाद हुआ तो पुलिस कार्रवाई की जाएगी। -आयुष विक्रम सिंह, एसपी सिटी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।