मेरठ : घर में घुसे गांजा तस्कर, महिला को लाठी-डंडों से पीटा
Meerut News - मोदीपुरम के जवाहर नगर में गांजा तस्करों ने एक महिला महालक्ष्मी पर लाठी-डंडों से हमला किया। महालक्ष्मी की मां के बाहर जाने पर चार युवक घर में घुस आए और उसे पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल...

मोदीपुरम। रोहटा रोड के जवाहर नगर में गांजा तस्करों ने एक महिला को लाठी-डंडों से जमकर पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़ित ने थाना कंकरखेड़ा में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी, मगर देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। मारपीट में आरोपी पक्ष की भी एक महिला घायल हो गई। फाजलपुर चौकी क्षेत्र में जवाहर नगर निवासी महालक्ष्मी ने बताया कि उसके बच्चे और पति बाहर रहते हैं। महालक्ष्मी अपनी मां के पास जवाहरनगर में रहती है। रविवार सुबह महालक्ष्मी की मां किसी काम से बाहर गई थी। घर पर महालक्ष्मी अकेली थी। पड़ोस में रहने वाले चार युवक छत से जीने के रास्ते घर में उतर गए।
आरोप है कि चारों युवक चरस-गांजा की तस्करी करते हैं, जिनकी जानकारी पुलिस को भी है। महालक्ष्मी ने युवकों से घर में छत से आने का कारण पूछा तो उन्होंने उसे पकड़ लिया। शोर मचाते हुए महिला बाहर की ओर भागी तो युवकों ने उसे सड़क पर गिराकर लाठी डंडों से पीटा। महालक्ष्मी को बचाने आई दो महिलाओं को भी आरोपियों ने जमकर पीटा। आरोपियों के साथ एक महिला भी थी। आसपास मौजूद रहे लोगों ने घटना की वीडियो बना सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। आरोप है कि घटना की सूचना मिलने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। घायल महिला ने थाना कंकरखेड़ा पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा विनय कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। दोनों तरफ से महिलाएं घायल हैं। घायलों का मेडिकल कराकर कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।