भ्रष्टाचार की जांच के लिए तीन टीमें गठित, किसान मजदूर संगठन की भूख हड़ताल समाप्त
Muzaffar-nagar News - भ्रष्टाचार की जांच के लिए तीन टीमें गठित, किसान मजदूर संगठन की भूख हड़ताल समाप्त

सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के विरोध में कलेक्ट्रेट परिसर में पिछले 15 मई से चल रहे किसान मजदूर संगठन का धरना-प्रदर्शन एवं तीन दिन से भूख हड़ताल पर बैठे संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने भ्रष्टाचार की जांच के लिए अलग-अलग तीन जांच कमेटी गठित होने के बाद हड़ताल समाप्त कर दी। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत और एडीएम प्रशासन संजय सिंह ने धरना स्थल पर पहुंचकर पूरण सिंह को जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराई। किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह क्षेत्रीय किसानों एवं संगठन के पदाधिकारियों के साथ मिलकर विद्युत विभाग में विद्युत सुधार योजना के तहत विद्युत लाइन तैयार करने एवं जर्जर तार बदलने के नाम पर अरबों रुपये की गड़बड़झाला, जिले के कई गांवों में चकबंदी प्रक्रिया पूरी न होने एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत घर-घर जल पहुंचाने में लापरवाही बरतने एवं घोटाला करने का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में जांच की मांग को लकर गत 15 मई से धरना शुरू कर दिया था।
तीन दिन पूर्व धरने को भूख हड़ताल में तब्दील कर दिया गया। भूख हड़ताल पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह, सहारनपुर के जिलाध्यक्ष अजब सिंह, सुभाष पुंडीर, सतेन्द्र चौधरी, बबली शर्मा बैठ गए थे। भूख हड़ताल शुरू होते ही पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों में हरकत में आ गए। डीएम उमेश मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से वार्ता एवं पत्राचार कर जांच के लिए कमेटी गठित करवा दी। उधर शनिवार की दोपहर 2 बजे धरना स्थल पर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत पहुंचे और भूख हड़ताल पर बैठे पूरण सिंह को किसान -मजदूरों की लड़ाई में समर्थन देने और साथ खड़े होने की बात कही। इस बीच एडीएम प्रशासन संजय सिंह भी वार्ता के लिए पहुंचे और विद्युत विभाग, चकबंदी एवं जल निगम के व्याप्त भ्रष्टाचार की जांच के लिए अलग-अलग तीन कमेटी गठित होने की लिखित जानकारी दी। बताया कि विद्युत सुधार योजना की जांच के लिए लखनऊ से भी टीम गठित की गई है। चकबंदी और जल निगम की जांच के लिए जिले से एक एसडीएम को भी शामिल किया गया है। इस पर सहमति जताने के बाद राकेश टिकैत व एडीएम संजय सिंह ने ठाकुर पूरण सिंह को जूस पिलाकर भूख हड़ताल और धरना समाप्त कराया। धरने एवं भूख हड़ताल में शहजाद राणा, यशपाल सरपंच, अन्नू मलिक, ललित राणा, गौरव चौधरी, भारत राणा आदि सैकड़ों लोग शामिल रहे। ------------- ठा. पूरण सिंह बोले , राकेश टिकैत का बड़ा दिल, बधाई किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह भी किसी जमाने में भारतीय किसान यूनियन टिकैत से ही जुड़े हुए थे। बाद में उन्होंने अलग से किसान मजूदर के नाम से अलग संगठन बना लिया। किसानों व मजदूरों के हित एवं हक की लड़ाई लड़ने में आगे रहे। शनिवार को जब भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर पहुंचे तो सीधे पूरण सिंह के पास पहुंचे। इस पर ठाकुर पूरण सिंह ने कहा कि राकेश टिकैत का बड़ा दिल है। उन्हें इस बात की बधाई दी कि वह किसानों की लड़ाई में संगठन को अपना समर्थन दिया और किसानों और मजदूरों की लड़ाई लड़ने की बात कही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।