यूपी के इस माफिया पर कसा पुलिस का शिकंजा, घर और जमानतदारों के ठिकानों पर रात भर छापेमारी
छापेमारी के दौरान पुलिस को घर में कोई नहीं मिला। यहां तक कि महिलाएं भी घर छोड़कर चली गई थीं। पुलिस अब उन लोगों की निगरानी कर रही है जिनसे सुधीर हाल में संपर्क में था। वे भी भूमिगत हो गए हैं। खुफिया इनपुट के आधार पर कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबरों की निगरानी भी की जा रही है।

यूपी के 68 माफियाओं की लिस्ट में शामिल गोरखपुर के सुधीर सिंह पर पुलिस का शिकंजा कसने लगा है। हाल में एक सरिया व्यापारी की पार्टी के दौरान युवक पर जानलेवा हमले की घटना के बाद माफिया सुधीर सिंह की तलाश में पुलिस ने दिन-रात एक कर दिया है। सोमवार की रात गोरखपुर की खजनी और गीडा पुलिस ने पिपरौली स्थित उसके घर समेत जमानतदारों के ठिकानों पर छापेमारी की।
सुधीर सिंह के घर पहुंची टीम को ताला लटका मिला। पुलिस ने अंदर तलाशी ली, लेकिन मकान के भीतर भी सन्नाटा पसरा मिला और महिलाएं तक घर छोड़कर फरार थीं। वहीं पूर्व के मुकदमों में शामिल जमानतदारों से सम्पर्क कर जमानत भी निरस्त कराने के प्रयास में पुलिस जुटी हुई है।
पिछले कई दिनों से पुलिस को छका रहे माफिया सुधीर सिंह के बारे में पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने घर आया है। इसी सूचना पर पुलिस दे दबिश दी वहीं जब वह घर नहीं मिला तो उसके सहयोगी के यहां भी छापा डाला गया। पुलिस ने इस दौरान माफिया के दो जमानतदार सत्यपाल सिंह (पिपरौली बुजुर्ग) और अविनाश यादव (पिपरा, वार्ड नंबर 11, सहजनवा) के घर भी दबिश दी और पूछताछ की। माफिया की तलाश में खजनी पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की टीम जुटी हुई है। इसके बावजूद उसकी गिरफ्तारी न हो पाने पर पुलिस की रणनीति और सक्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सुधीर सिंह पहले भी कई बार पुलिस को चकमा देकर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका है, इसलिए आशंका है कि वह फिर इसी तरीके से कानून की आंखों में धूल झोंक सकता है। छापेमारी के दौरान पुलिस को घर में कोई नहीं मिला। यहां तक कि महिलाएं भी घर छोड़कर चली गई थीं। पुलिस अब उन लोगों की निगरानी कर रही है जिनसे सुधीर हाल में संपर्क में था। वह लोग भी भूमिगत हो गए हैं। खुफिया इनपुट के आधार पर कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबरों की निगरानी भी की जा रही है। एसएसपी राज करन नय्यर ने कहा कि सुधीर सिंह की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।